Chemist Strike In Delhi: दिल्ली में केमिस्ट्स की हड़ताल, सभी से जरूरी दवाइयां पहले ही खरीदने की अपील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में दवा कारोबार से जुड़े व्यापारियों ने कल यानी 20 मई को हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। राजधानी के दवा विक्रेताओं के संगठन आरडीसीए वन दिल्ली ने हड़ताल की घोषणा की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे अपनी रोजमर्रा और जरूरी दवाओं को पहले ही खरीद लें। जिससे बाद में किसी भी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े। ये हड़ताल दवा कारोबार से संबंधित मांगों को लेकर की जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री में लगातार गड़बड़ियां देखने को मिल रही हैं, जिससे छोटे दुकानदारों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी है।
यह भी पढ़े -सपा सांसद पीड़ित महिला को न्याय दिलाने पहुंची DIG दफ्तर, पुलिस ने हिरासत में लिया, लगाए ये आरोप
ऑनलाइन दवा बिक्री पर उठे सवाल
दवा व्यापारियों का कहना है कि इंटरनेट के जरिए बिना सही जांच के दवाएं बेची जा रही हैं। कई बार ऐसी दवाएं भी आसानी से पहुंच रही हैं, जिनके लिए डॉक्टर का प्रिसक्रिप्शन जरूरी होता है। दुकानदारों का आरोप है कि कुछ जगहों पर नकली या आर्टिफीशियल तरीके से तैयार किए गए पर्चों का इस्तेमाल भी हो रहा है। व्यापारियों के मुताबिक इससे मरीजों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। उनका कहना है कि नियमों का पालन सिर्फ दुकानों पर कराया जाता है, जबकि ऑनलाइन बिक्री में कई चीजों की अनदेखी हो रही है।
यह भी पढ़े -मध्य प्रदेश में जनजातीय वर्ग के जीवन में हो रहा बड़ा बदलाव, यह वर्ग मुख्य धारा से जुड़ रहा विजय शाह
जरूरी दवाओं की सप्लाई जारी रहेगी
हड़ताल को लेकर दवा नियंत्रण विभाग के साथ बैठक भी की गई है। इसके बाद यह तय किया गया कि बड़े अस्पतालों, नर्सिंग होम और आपातकालीन स्वास्थ्य केंद्रों के पास जरूरी दवाओं की व्यवस्था जारी रहेगी। जान बचाने वाली और बेहद जरूरी दवाएं मरीजों को मिलती रहेंगी, ताकि इलाज पर कोई असर न पड़े। संगठन का कहना है कि आम लोगों को दिक्कत न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
कई राज्यों ने बनाई दूरी
देश के कुछ राज्यों के दवा संगठनों ने इस हड़ताल से खुद को अलग भी कर लिया है। वहीं कुछ व्यापारी संगठनों का कहना है कि सरकार को ऑनलाइन दवा बिक्री के नियम और सख्त करने चाहिए। दवा कारोबारियों का मानना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो आने वाले समय में छोटे मेडिकल स्टोर चलाना और मुश्किल हो जाएगा।
Created On :   19 May 2026 7:33 PM IST













