रांची में बवाल!: रिफॉर्म मंच और JMM कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, सुरक्षाकर्मियों समेत कई लोग घायल

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में JPSC रिफॉर्म मंच और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बीच जबरदस्त झड़प की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार (21 अगस्त) की शाम राजधानी के ऐतिहासिक अल्बर्ट एक्का चौक की है। यहां रिफॉर्म मंच की ओर से पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान जमकर बवाल हुआ। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में गड़बड़ियों और कोर्ट के फैसले को लेकर विवाद जारी है।
धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू
इस कार्यक्रम के दौरान रिफॉर्म मंच और JMM कार्यकर्ताओं के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को भी चोटें आई हैं।
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के बैनर तले पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान छात्रों ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर धोखा देने और विश्वासघात करने के आरोप लगाए।
यह भी पढ़े -एमएमडीआर बिल पर संजय सेठ का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- अवैध खनन रोकने पर मिलेगा 3 लाख करोड़ राजस्व
इस फैसले के विरोध में किया पुतला दहन
झारखंड में हुए प्रदर्शन के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JPSC और JSSC की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया था। इसके बाद झारखंड हाईकोर्ट ने इस निर्णय पर स्टे लगा दिया था। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने अदालत में कमजोर तथ्य और दस्तावेज पेश किए हैं। इसी के विरोध में छात्रों ने पुतला दहन का कार्यक्रम रखा था।
JMM कार्यकर्ताओं को हाथों में लाठी-डंडे!
पुतला दहन कार्यक्रम के विरोध में रामगढ़ के सुभाष चौक पर झामुमो कार्यकर्ता अपने हाथों में पार्टी का झंडा और इसके साथ ही लाठी-डंडे, हॉकी और बेसबॉल लेकर प्रदर्शनकारियों के पहले पहुंच गए। इसका नेतृत्व पार्टी जिला अध्यक्ष विनोद किस्कू ने किया। उनका कहना है, "मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला किसी भी हाल में नहीं जलने दिया जाएगा।" इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ये काम बीजेपी के इशारों पर हो रहा है।
Created On :   22 Aug 2026 12:21 AM IST












