मौसम अलर्ट: उत्तर भारत समेत मध्यप्रदेश में भी बढ़ी ठंड, बादल छंटने से गिरा तापमान, तामिलनाडु में बारिश का कहर जारी

उत्तर भारत समेत मध्यप्रदेश में भी बढ़ी ठंड, बादल छंटने से गिरा तापमान, तामिलनाडु में बारिश का कहर जारी
  • बादल छंटने से बढ़ी ठंड
  • उत्तर-पूर्वी भारत में छाया कोहरा
  • मध्यप्रदेश में गिरा तापमान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर देश के दक्षिणी और पूर्वी इलाकों पर अभी भी देखा जा रहा है। दरअसल, तमिलनाडू और आंध्रप्रदेश में भारी बारिश होने के बाद यह तूफान कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया। जिसके चलते छत्तीसगढ़, पं.बंगाल, ओडिशा, पूर्वी यूपी, मध्यप्रदेश, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बांग्लादेश के पूर्वी हिस्सों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं जहां देश के पूर्वी हिस्सों में अब बारिश का दौर कम हो जाएगा, लेकिन पूर्वोत्तर भारत में अलग दो दिनों तक बारिश जारी रह सकती है।

वहीं शनिवार सुबह तमिलनाडू के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। यहां के तिरुनेलवेली में भारी बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव देखा गया, जिससे आम-जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

उत्तर भारत में लुढ़का पारा

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मिचौंग तूफान के प्रभाव से हुई बारिश के बाद 9 दिसंबर से उत्तर-पूर्वी भारत में तापमान लुढ़कने की संभावना है। आने वाले दिनों इन हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार के कई इलाकों में सुबह के वक्त कोहरा छाए रहने के आसार हैं। वहीं 10 दिसंबर को पूर्वोत्तर राज्य मेघालय, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।

मध्यप्रदेश में बढ़ रहा ठंड का असर

मौसम साफ होते ही मध्यप्रदेश में भी ठंड का असर बढ़ गया है। शनिवार की सुबह राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा और इस दौरान तेज ठंड भी पड़ी। राज्य के ज्यादातर शहरों में शुक्रवार का तापमान दिन में 25 डिग्री सेल्सियस और रात में 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद वेस्टर्न वेस्टर्न के चलते बारिश होने की संभावना है।

Created On :   9 Dec 2023 5:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story