Air Pollution: दिल्ली की हवा बनी जहर! 370 पार पहुंचा AQI, ‘गंभीर’ कैटेगरी में कई इलाके, GRAP-2 के बावजूद नहीं सुधरे हालात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए कई नियम लागू किए गए हैं। इसके बाद भी लोगों को गंदी हवा से राहत नहीं मिल रही है। बुधवार सुबह राजधानी की हवा और ज्यादा खराब हो गई। सुबह 9 बजे दिल्ली का AQI 377 दर्ज किया गया। यह बहुत खराब स्थिति मानी जाती है। बता दें कि, मंगलवार शाम 4 बजे यही आंकड़ा 350 था। यानी कुछ ही घंटों में प्रदूषण बढ़ गया। मंदिर मार्ग पर तो हालात और भी खराब रहे। यहां AQI 508 तक पहुंच गया। यह गंभीर स्थिति मानी जाती है। ऐसे में लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
यह भी पढ़े -गोयल ने कहा - 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करना अनिवार्य, देश की विकास यात्रा के शिल्पकार होंगे युवा
बारिश रुकते ही बढ़ने लगा प्रदूषण
आपको बता दें कि, पिछले हफ्ते दिल्ली में बारिश हुई थी और तेज हवाएं भी चली थीं। इससे हवा कुछ साफ हो गई थी। लेकिन बारिश बंद होते ही प्रदूषण फिर बढ़ने लगा। बुधवार सुबह दिल्ली का तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IITM के अनुसार, ऐसी हवा में रहने से लोगों की सेहत को नुकसान हो सकता है। गुरुवार को भी राहत मिलने की उम्मीद कम है। अनुमान है कि AQI 343 तक रह सकता है। अगले कुछ दिनों तक भी हवा खराब रहने की आशंका है।
AQI से समझें कितनी खराब है हवा
AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स से पता चलता है कि हवा कितनी साफ है या उसमें कितना प्रदूषण है। इसके आंकड़ों से हवा की हालत समझी जा सकती है।
0 से 50: अच्छी हवा
51 से 100: संतोषजनक हवा
101 से 200: ठीक-ठाक हवा
201 से 300: खराब हवा
301 से 400: बहुत खराब हवा
401 से 500: गंभीर स्थिति
धूल रोकने के लिए PWD उठाएगा कदम
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए PWD ने 8 अधिकारियों की दो टीमें बनाई हैं। ये टीमें 200 एंटी-स्मॉग गन वाली गाड़ियों की जांच करेंगी। मशीन सही होने पर ही उसे काम में लगाया जाएगा। बिना जांच के किसी मशीन को चलाने की अनुमति नहीं होगी। इन मशीनों से पानी की छोटी-छोटी बूंदें हवा में छोड़ी जाती हैं। इससे धूल के कण नीचे बैठ जाते हैं। इसके अलावा PWD दिल्ली की करीब 1,400 किलोमीटर लंबी सड़कों से धूल हटाने का काम भी करेगा। इस अभियान में 200 मशीनें लगाई जाएंगी। हर मशीन से रोज कम से कम 200 मीटर सड़क साफ कराई जाएगी।
Created On :  

