मौसम अपडेट: भीषण गर्मी के बीच एमपी के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर समेत कई जगहों पर दो तरफा मौसम, यहां देखें अपडेट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में गर्मी का दौर जारी था लेकिन इसी बीच मौसम ने करवट ली है। देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश के मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान में आंशिक तौर पर बादल दिख सकते हैं। तेज धूप के बीच बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। इसके चलते तापमान में ज्यादा बदलाव नजर नहीं आ रहे हैं। अधिकतम तापमान 38 डिग्री से 41 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है। वहीं, कई जगहों पर लू चलने की भी संभावना है, लेकिन तीव्रता ज्यादा नहीं रहने वाली है। साथ ही गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।
एमपी के 21 जिलों में बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में एक तरफ भीषण गर्मी पड़ रही है तो दूसरी तरफ आंधी और पानी का दौर जारी है। इसी बीच शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला हुआ नजर आया है। वहीं, आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। जिसमें ग्वालियर, जबलपुर, छतरपुर, अशोक नगर, अनूपपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिवनी, सतना, नीमच, निवाड़ी, मंडला, मंदसौर, दतिया, टीकमगढ़, बालाघाट, मैहर, पन्ना, गुना और डिंडोरी शामिल हैं।
कैसा रहने वाला है उत्तर प्रदेश का मौसम?
उत्तर प्रदेश में दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है। पश्चिमी यूपी में बादलों की वजह से तापमान थोड़ा कंट्रोल में है, वहीं, पूर्वी यूपी में तेज धूप और गर्म हवाओं ने परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश का तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा, पंजाब और हरियाणा में भी हल्के बादल नजर आ रहे हैं लेकिन तापमान 41 से 44 डिग्री की बीच ही देखने को मिल रहा है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहने वाला है मौसम?
मैदानी इलाकों में एक तरफ भीषण गर्मी और बारिश के साथ उमस देखने को मिल रही है। तो वहीं, पहाड़ी इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है। कई जगहों पर बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश या गरज और चमक देखने को मिल रही है। तापमान भी 20 से 28 डिग्री के बीच ही बना हुआ है। ये तापमान घूमने के लिए बहुत अच्छा है लेकिन बारिश के चलते एक बार मौसम चेक करना जरूरी है।
यह भी पढ़े -टीएमसी की गुंडागर्दी के कारण पश्चिम बंगाल में 15 मतदान केंद्रों पर हो रही री-पोलिंग केशव प्रसाद मौर्य
दक्षिण भारत में प्री मानसून बारिश
दक्षिण भारत की बात करें तो, यहां पर प्री-मानसून एक्टिविटी देखने को मिल रही है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक देखने को मिल रही है। इसमें केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। वहीं, तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच है, लेकिन उमस अब भी बनी हुई है।
Created On :   2 May 2026 12:43 PM IST













