मौसम अलर्ट: मध्यप्रदेश में गर्मी ने दी दस्तक, भोपाल समेत राज्य के कई जिलों में तापमान 30 के पार, बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कही ये बात

मध्यप्रदेश में गर्मी ने दी दस्तक, भोपाल समेत राज्य के कई जिलों में तापमान 30 के पार, बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कही ये बात
  • मध्यप्रदेश में गर्मी की एंट्री
  • 19 जिलों में दर्ज किया 30 डिग्री से ज्यादा तापमान
  • सबसे ज्यादा गर्म रहा नरसिंहपुर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। तेज आंधी के साथ बारिश और ओले का दौर थमने के बाद मध्यप्रदेश में अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि शाम और सुबह के समय हल्की सर्दी पड़ रही है। बीते 24 घंटे में राज्य के 19 जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। भोपाल और इंदौर समेत 19 जिलों का अधिकतम तापमान 30 से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 से 4 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले तीन से चार दिनों में राज्य के कई इलाकों में मौसम शुष्क सा रहने वाला है। दिन के साथ रात के तापमान में भी वृद्धि होगी। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोम का असर प्रदेश में नहीं रहेगा। हालांकि ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में कुछ जगह पर बादल छाए रह सकते हैं।

नरसिंहपुर रहा सबसे गर्म

गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान नरसिंहपुर जिले का रहा। यहां दिन का तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इसके अलावा रतलाम 33.2 और मंडला का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अगर राज्य के मेट्रो सिटीज की बात करें तो इस बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्म इंदौर रहा। यहां का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद राजधानी भोपाल 30.3, जबलपुर 29.8 और ग्वालियर 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा टीकमगढ़, सागर, उमरिया, गुना, मलाजखंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, दमोह, शाजापुर, नर्मदापुरम, खरगोन, बैतूल और खंडवा जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या इससे ज्यादा दर्ज किया गया।

बता दें कि मार्च महीने की शुरूआत में मध्यप्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव हुआ। एक तारीख से लेकर तीन मार्च तक राज्य की जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे। जिससे रबी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा।

Created On :   8 March 2024 6:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story