ओडिशा में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली का कहर, 10 लोगों की मौत, असम में बाढ़ से बिगड़े हालात

ओडिशा में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली का कहर, 10 लोगों की मौत, असम में बाढ़ से बिगड़े हालात
  • देश के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर
  • ओडिशा में आकाशीय बिजली ने ली कई लोगों की जान
  • असम में बाढ़ ने मचाया कोहराम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में जहां कई राज्य कम बारिश होने के चलते सूखे की समस्या से ग्रस्त हैं। वहीं कई राज्यों में हो रही भारी बारिश की वजह से ताबाही जैसे हालात बने हुए हैं। 2 सितंबर को ओडिशा राज्य के कई जिलों में आसमान से बारिश के रूप में आफत बरसी। जानकारी के मुताबिक, 2 सितंबर को राज्य के 6 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। राज्य के खुर्दा जिले में सबसे ज्यादा 4 लोगों की मौत हुई। वहीं बोलांगीर में 2 और अंगुल, बौध, जगतसिंहपुर और ढेंकनाल में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। घायल होने वाले सभी तीन लोग खुर्दा जिले के रहने वाले हैं। राज्य के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) ने यह जानकारी दी। उनके मुताबिक राज्य के तटीय इलाकों में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश हुई। बात दें कि इससे पहले भी राज्य में मई के महीने और मानसून की शुरूआत के दौरान भी आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की मौत हो गई थी।

मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की पूर्वोत्तर खाड़ी पर बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण राज्य में भारी बारिश हो रही है। विभाग के अनुसार आने वाले 2 दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। इस दौरान राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग से जुड़े अधिकारी ने जानकारी दी कि अगले 4 दिनो तक प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव रहेगा जिस वजह से कई हिस्सों में भारी से अधिक भारी तक बारिश होने की संभावना है।

वहीं भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर राज्य के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अलर्ट जारी किया है। प्राधिकरण ने ट्वीट कर लोगों से अपील की है कि आंधी-पानी के समय सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के भुवनेश्वर और कटक शहरों में शनिवार की दोपहर 126 मिमी और 95 मिमी बारिश दर्ज की गई।

असम में बाढ़ से हाहाकार

वहीं पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ का कहर अभी भी जारी है। इस आपदा में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 18 जिलों में बाढ़ से अभी भी 2.4 लाख लोग प्रभावित हैं। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक बाढ़ से राज्य के दो जिले नलबाड़ी और दरांग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। अथॉरिटी के अनुसार, ने बताया कि बाढ़ से नलबाड़ी में 72,427 तो वहीं दरांग में 69,112 लोग प्रभावित हुए हैं।

राज्य में बाढ़ से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं करीब 15 हजार हेक्टेयर की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने बताया कि भारी बारिश से असम में कई नदियां उफान पर हैं। ब्रह्मपुत्र नदी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

Created On :   3 Sep 2023 5:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story