Patna Delhi Indigo Flight Emergency Landing: इंडिगो की फ्लाइट में टेकऑफ के बाद आई तकनीकि खराबी, 169 यात्री थे सवार, जानें पायलट ने किस वजह से कराई इमरजेंसी लैंडिंग

इंडिगो की फ्लाइट में टेकऑफ के बाद आई तकनीकि खराबी, 169 यात्री थे सवार, जानें पायलट ने किस वजह से कराई इमरजेंसी लैंडिंग
  • एयर इंडिगो की फ्लाइट में टेकऑफ के बाद आई तकनीकि खराबी
  • 169 यात्रियों से सवार प्लेन की कराई इमरजेंसी लैंडिंग
  • जानें पूरा मामला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के पटना एयरपोर्ट से दिल्ली एयरपोर्ट जा रही इंडिगो फ्लाइट की बुधवार को इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। पटना एयरपोर्ट से टेकऑफ के कुछ देर बाद पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग के तहत एयरपोर्ट लौटना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग कराने के पीछे प्लेन के एक इंजन में पक्षी के टकराने से आई तकनीकि खराबी बताई जा रही। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट को प्लेन वापस पटना एयरपोर्ट उतरना पड़ा। इस प्लेन में 169 यात्री सवार थे।

इंडिगो फ्लाइट की कराई इमरजेंसी लैंडिंग

टाइम्स ऑफ इंडिया की न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, पटना एयरपोर्ट से फ्लाइट सुबह 8.41 बजे टेक ऑफ हुई थी। हालांकि, टेक ऑफ के कुछ मिनट बाद इंजन में कंपन आने लगा। इसके बाद पायलट ने प्लेन को पटना एयरपोर्ट की ओर लौटाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग कराई। फिलहाल, प्लेन में तकनीकि जांच जारी है। यात्रियों कोदिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

इस बारे में पटना एयरपोर्ट ने बयान जारी किया। इसमें कहा गया, "पटना से दिल्ली जा रही फ्लाइट IGO5009 ने टेक-ऑफ के तुरंत बाद 08:42 IST पर बर्ड हिट की सूचना दी। रनवे पर निरीक्षण के दौरान एक मृत पक्षी के टुकड़े मिले। यह सूचना एप्रोच कंट्रोल यूनिट के माध्यम से विमान को दी गई।"

पटना एयरपोर्ट ने जारी किया बयान

वहीं, एयरपोर्ट अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया, "बर्ड हिट के बाद विमान में इंजन में कंपन देखा गया, जिसे लेकर पायलट ने विमान को वापस पटना लौटाने का फैसला किया। स्थानीय स्तर पर इमरजेंसी अलर्ट घोषित किया गया और विमान ने सुबह 09 बजकर 03 मिनट पर रनवे 7 पर सुरक्षित लैंडिंग की।"

बता दें, मंगलवार को इंदौर से रायपुर जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। दरअसल, प्लेन के टेकऑफ होने के करीब 30 मिनट बाद तकनीकि खराबी आई थी। इसके चलते पायलट ने फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी। बता दें, फ्लाइट संख्या 6E 7295 हर दिन सुबह 6:35 बजे इंदौर से रवाना होती है। मंगलवार को विमान ने निर्धारित समय पर उड़ान भरी, लेकिन थोड़ी ही देर में तकनीकी दिक्कत सामने आने के बाद पायलट ने एहतियातन विमान को इंदौर एयरपोर्ट लौटाने का फैसला लिया।

Created On :   9 July 2025 1:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story