त्रिपुरा की बांस, राजस्थान का संगमरमर, इंदौर का अशोक चक्र, उदयपुर के कलाकार, नई संसद को बनाने में कैसे जुड़ा पूरा 'भारत'?

त्रिपुरा की बांस, राजस्थान का संगमरमर, इंदौर का अशोक चक्र, उदयपुर के कलाकार, नई संसद को बनाने में कैसे जुड़ा पूरा भारत?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले 26 मई को पीएम मोदी ने वीडियो ट्वीट कर लोकतंत्र के नए मंदिर की झलक देशवासियों को दिखाई थी। 1 मिनट और 48 सेकंड लंबे इस वीडियो में नया संसद भवन भव्य और खूबसूरत नजर आ रहा है। वीडियो की शुरुआत प्रवेश द्वार से होती है। इसके बाद गुंबद पर लगा अशोक चिन्ह और बाहरी दीवारें दिखाई देती हैं। वीडियो में लोकसभा और राज्यसभा की झलक भी देखने को मिलती है। जहां स्पीकर की सीट के पीछे विशाल अशोक चक्र हैं। लोकसभा के कालीन पर मोरपंख की डिजाइन हैं। ऐसी ही संरचना सदस्यों के डेस्क पर बनी है। वहीं हर डेस्क पर एक भी स्क्रीन लगी हैं।

बता दें कि राजधानी के सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के अंतर्गत बना नया संसद भवन पीएम मोदी को ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस भवन का निर्माण जनवरी 2021 से शुरू हुआ था।

इंदौर से अशोक चक्र तो राजस्थान से आया संगमरमर

इस भवन में देश की अलग-अलग संस्कृति का समावेश किया गया है। इसको बनाने के लिए देश के कोने-कोने से नायाब सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इन सामग्रियों में मूर्तियों और आर्ट वर्क के अलावा देश के अलग-अलग क्षेत्रों में पूजनीय जानवर जैसे गरूड़, हाथी, घोड़े और मगर की झलकियां भी शामिल हैं। आइए जानते हैं इमारत को बनाने में किस स्थान से कौन सी सामग्री आई।

  • नए भवन की फ्लोरिंग त्रिपुरा के बांस से की गई है। कालीन यूपी के मिर्जापुर का है। लाल और सफेद संगमरमर राजस्थान के सरमथुरा का है। इसके अलावा राजस्थान के उदयपुर, अजमेर और अंबाजी से हरा, लाल ग्रेनाइट और सफेद पत्थर मंगवाया गया है।
  • पत्थर में नक्काशी का काम आबू रोड और उदयपुर के कारीगरों ने किया है। भवन के निर्माण के लिए रेत हरियाणा के चकरी दादरी, फ्लाई ऐश ईटों को दिल्ली एनसीआर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मंगवाया गया है। पीतल के काम और सीमेंट के पूर्वनिर्मित ट्रेंच अहमदाबाद से लाए गए।
  • लोकसभा और राज्यसभा की फाल्स सीलिंग में लगा स्टील का स्ट्रक्चर दमन-दीव से मंगाया गया है। वहीं, संसद में लगा फर्नीचर मुंबई में तैयार किया गया और भवन के लिए सागौन की लकड़ी नागपुर से मंगाई गई है। इसके अलावा पत्थर की जाली का काम राजस्थान के राजनगर और यूपी के नोएडा से करवाया गया है।
  • लोकसभा-राज्यसभा की दीवार और संसद के बाहर लगा अशोक चक्र मध्यप्रदेश के इंदौर से मंगवाया गया है। वहीं अशोक स्तंभ के निर्माण के लिए महाराष्ट्र के औरंगाबाद और राजस्थान के जयपुर से आए सामान का इस्तेमाल किया गया है।

पीएम मोदी जारी करेंगे 75 रूपये का सिक्का

संसद भवन की नई इमारत के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी 75 रुपए का सिक्का जारी करेंगे। इस सिक्के में एक तरफ जहां अशोक स्तंभ का सिंह होगा, जिसके नीचे 'सत्यमेव जयते' लिखा होगा। वहीं, दूसरी तरफ देवनागरी में 'भारत' और अंग्रेजी में 'इंडिया' शब्द लिखा होगा।

Created On :   27 May 2023 7:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story