मौसम अपडेट: हिमाचल प्रदेश में बारिश से लुढ़का पारा, पंजाब और हरियाणा में किसानों के चेहरे पर आई शिकन, जानिए क्यों बदल रहा है मौसम का मिजाज?

हिमाचल प्रदेश में बारिश से लुढ़का पारा, पंजाब और हरियाणा में किसानों के चेहरे पर आई शिकन, जानिए क्यों बदल रहा है मौसम का मिजाज?
  • हिमाचल प्रदेश में बारिश से लुढ़का पारा
  • पंजाब और हरियाणा में किसानों के चेहरे पर आई शिकन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अक्टूबर महीने के 15 दिन बीत चुके हैं। सोमवार सुबह को हिमाचल प्रदेश और उसके सटे राज्यों में बारिश हुई। जिसके चलते पहाड़ी राज्य हिमाचल सहित पंजाब और चंडीगढ़ तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। ऊना, कांगड़ा जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। साथ ही मनाली, चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पीति जैसे ऊंचे इलाकों में बर्फबारी जारी है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान में आई गिरावट ने किसानों के चेहरे पर शिकन ला दी है। क्योंकि, इन दोनों राज्यों में धान की फसल लगभग तैयार हो चुकी है। ऐसे में अगर यहां पर ज्यादा बारिश हुई तो खेतों में तैयार बैठी फसल को नुकसान हो सकता है। हरियाणा के अंबाला, फतेहाबाद, हिसार, सिरसा और कुरुक्षेत्र में सोमवार सुबह को तेज बारिश हुई है। साथ ही, पंजाब के लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा, फरीदकोट, मोहाली में अच्छी खासी बारिश हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज शाम में दिल्ली एनसीआर के भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया दिल्ली एनसीआर के क्षेत्रों में भारी बारिश होने के चलते एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में सुधार आएगा। राजधानी दिल्ली में कई दिनों से हवा खराब लेवल पर चल रही है। ऐसे में अगर राजधानी दिल्ली में बारिश होती है तो दिल्लीवासियों को थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली के आस-पास वाले इलाकों में आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। बता दें कि, अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह में दिल्ली का तापमान औसत से ज्यादा दर्ज किया गया है। यहां का तापमान उम्मीद से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। अभी राजधानी दिल्ली की औसत तापमान 36 डिग्री सेल्सियस है।

बदला मौसम का मिजाज

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत में दिख सकता है। सोमवार और मंगलवार को दिल्ली एनसीआर समेत पश्चिमी यूपी के शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ में भी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर, कल्पा, नाहन, केलांग और डल्हौजी का पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। केलांग का न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री, कुकुमसेरी में 2.1 डिग्री, रिकांगपिओं में 6.8 डिग्री,शिमला में 11 डिग्री, कुफरी में 8.8 डिग्री, सियोबाग में 8.5 डिग्री, सुंदरनगर में 13 डिग्री रहा है। वहीं, धर्मशाला का तापमान गिरकर 15.2 डिग्री तक पहुंच गया है।

Created On :   16 Oct 2023 10:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story