मोदी 3.0 कैबिनेट: मोदी कैबिनेट की पहली बैठक आज शाम, शपथ ग्रहण के बाद मंत्रालयों के बंटवारे पर सभी की नजर

मोदी कैबिनेट की पहली बैठक आज शाम, शपथ ग्रहण के बाद मंत्रालयों के बंटवारे पर सभी की नजर
  • मोदी कैबिनेट की पहली बैठक आज!
  • मंत्रालयों का बंटवारा संभव
  • पीएम आवास पर आयोजित होगी बैठक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शपथ ग्रहण के बाद अब सभी की नजर मंत्रालय के बंटवारे पर है। पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल में कुल 72 जनप्रतिनिधियों ने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली है। रविवार को शपथ ग्रहण के बाद मोदी कैबिनेट की पहली बैठक आज सोमवार शाम करीब 5 बजे के आसपास हो सकती है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास पर ये खास मीटिंग आयोजित की गई है।

रविवार शाम 7:15 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी सहित सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके अलावा 30 एनडीए नेताओं ने कैबिनेट मंत्री, 5 ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 नेताओं ने राज्य मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली है।

मोदी कैबिनेट 3.0

प्रधानमंत्री मोदी की नई टीम में इस बार 30 कैबिनेट मंत्री, 5 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल हैं। ये सभी मंत्री देश के 24 राज्यों के साथ-साथ सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पीएम मोदी के नए मंत्रिमंडल में 27 ओबीसी, 10 एससी, 5 एसटी, 5 अल्पसंख्यक मंत्री शामिल हैं। इसमें 18 वरिष्ठ मंत्री भी शामिल हैं। नए मंत्रिमंडल में 11 एनडीए सहयोगी दलों से मंत्री बनाए गए हैं।

अनुभवी सांसदों का चयन

नए कैबिनेट में 43 ऐसे सांसद मंत्री बने हैं, जो संसद में तीन या उससे अधिक कार्यकाल तक सेवा दे चुके हैं। इसके साथ ही 39 ऐसे मंत्री बनाए गए हैं, जो पहले भी भारत सरकार में मंत्री रह चुके हैं। मंत्रिमंडल में कई पूर्व मुख्यमंत्री, 34 राज्य विधानसभाओं में सेवा दे चुके सदस्य और 23 राज्यों में मंत्री के रूप में काम कर चुके सदस्यों को भी सांसद चुने जाने के बाद जगह दी गई है।

Created On :   10 Jun 2024 10:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story