मौसम अपडेट: पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ सकती है मैदानी इलाकों में ठंड, कुछ राज्यों में हो सकती है भारी बारिश, जानें कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर पश्चिम मानसून की विदाई हो गई है। इसके बाद से ही कई जगहों पर ठंडी हवाएं चल रही हैं और अधिकांश राज्यों में ठंड महसूस करवा रही हैं। आने वाले सात-आठ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जिसमें केरल, तमिलनाडु, पुडचेरी जैसे कई राज्य शामिल हैं। इसके अलावा, पहड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते मैदानी इलाकों में भी ठंड का एहसास बढ़ गया है। सुबह और शाम के वक्त सिहरन महसूस होने लगी है। ऐसे में चलिए आपके शहर के मौसम का हाल जानते हैं।
दिल्ली में कैसा रहने वाला है मौसम?
दिल्ली के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की ठंड के साथ धुंध देखने को मिल सकती है। आज पूरे दिन तापमान 18 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच में ही दर्ज किया जा सकता है। उत्तर पश्चिम की तरफ से आने वाली ठंडी हवाएं गुलाबी ठंड को और ज्यादा महसूस करवा रही हैं। इसके साथ ही, लगातार एक्यूआई लेवल भी बढ़ने लगा है।
किन राज्यों में होगी बारिश?
बारिश के बारे में जानें तो, मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर पूर्व मानसून के चलेत ही कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने वाली है। जिसमें केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु के कई जिले शामिल हैं।
एमपी का कैसा रहने वाला है मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह और शाम के समय एमपी में भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है। इसके बीच ही कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी
पहाड़ी इलाकों पर बर्फबारी का सिलसिला शुरू होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे कई पहाड़ी राज्यों में आने वाले दो हफ्ते में बादलों का आना-जाना भी देखने को मिल सकता है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिल रहा है।
Created On :   18 Oct 2025 12:30 PM IST