राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: कौन हैं कृष्ण मोहन, जो चंपत राय के इस्तीफे के बाद बनाए गए ट्रस्ट के नए महासचिव?

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में आरोपों का सामना कर रहे चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। सोमवार को हुई श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट की बैठक में इसके अलावा और भी कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक के बाद ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी महाराज ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि चंपत राय के साथ ही अनिल मिश्रा का इस्तीफा भी नियमों के तहत स्वीकार कर लिया गया है। उनकी जगह ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव बनाया गया है।
यह भी पढ़े -राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक खत्म, करीब तीन घंटे तक चली बैठक, इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन को ट्रस्ट में नई जिम्मेदारी सौंपी गई
कौन हैं कृष्ण मोहन?
जैसा कि पहले माना जा रहा था कि चंपत राय के इस्तीफे के बाद राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव की जिम्मेदारी कृष्ण मोहन संभाल सकते हैं। अब इस पर ट्रस्ट की बैठक में मुहर लग गई है। कृष्ण मोहन ही वो शख्स थे, जिन्होंने सबसे पहले चंदा चोरी मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। उनकी ही शिकायत पर पुलिस ने एक्शन लेते हुए 8 लोगों को अरेस्ट किया था। कृष्ण मोहन की बात करें तो वह भारतीय वन सेवा के महाराष्ट्र कैडर के पूर्व अधिकारी रह चुके हैं। वह राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से भी कई सालों से जुड़े हैं। उन्होंने संघ में नगर, जिला, प्रांत और क्षेत्री संघ चालक जैसी अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। सितंबर 2025 में कामेश्वर चौपाल के निधन के बाद उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट का सदस्य चुना गया था।
महासचिव बनाए जाने के बाद कृष्ण मोहन ने कहा, 'चढ़ावा चोरी के आरोपियों को सजा दिलाएंगे। प्रबंधन की कमियों का फायदा उठाया गया, कमियों को दूर करेंगे ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो। समाज में अविश्वास है। विश्वास को दोबारा स्थापित करेंगे।'
Created On :   6 July 2026 7:21 PM IST


