Monsoon Alert 2026: तीखी धूप और गर्मी के बीच आईएमडी का बड़ा प्रिडिक्शन, देश में जल्द मानसून देगा दस्तक, जानें क्या है तारीख?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में अप्रैल से ही तेज गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। उत्तर, मध्य और पूर्वी इलाकों में तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंच चुका है। ऐसे में लोग बारिश का बहुत बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग की भविष्यवाणी सामने आई है कि इस बार मानसून तय समय से पहले आ सकता है, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।
कब आएगा मानसून?
मौसम से जुड़े नए अनुमान के मुताबिक, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून जल्द दस्तक दे सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि मई के आखिर तक दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू हो सकती है। सबसे पहले अंडमान-निकोबार के इलाकों में मानसून पहुंचता है और इस बार यहां 18 से 25 मई के बीच इसकी शुरुआत होने की संभावना है। इसके बाद धीरे-धीरे यह आगे बढ़ेगा।
मौसम के हालातों से बढ़ सकती है बारिश
इस समय समुद्र की तरफ से आने वाली नम हवाएं तेज हो रही हैं, जो बारिश को बढ़ाने में मदद कर सकती हैं। साथ ही, एक खास तरह की मौसमी स्थिति भी बन रही है, जिससे मानसून को और ज्यादा तेजी मिल सकती है। इन वजहों से दक्षिण भारत के कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।
किसानों के लिए अच्छी खबर
दक्षिण भारत के लिए यह खबर बहुत ही अहम मानी जा रही है, क्योंकि यहां की खेती काफी हद तक बारिश पर निर्भर करती है। अगर समय से पहले बारिश होती है, तो किसानों को फायदा मिलेगा और फसलों की बुवाई भी सही समय पर हो सकेगी। साथ ही, पानी की कमी से जूझ रहे इलाकों को भी राहत मिल सकती है।
Created On :   24 April 2026 8:20 PM IST












