झारखंड के धनबाद में एक हॉस्पीटल में लगी भीषण आग, हादसे में डॉक्टर दंपति समेत छह मरीजों की मौत, सीएम सोरेन ने जताया दुख

- हेमंत सोरेन ने जताया दुख
डिजिटल डेस्क, धनबाद। झारखंड के धनबाद में एक अस्पताल में भयानक आग लग गई, आग में डॉक्टर दंपति समेत 6 मरीजों की मौत हो गई। आग के समय सभी मरीज वार्ड में गहरी नींद में सो रहे थे, जिसकी वजह से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। आग पुराना बाजार स्थित हाजरा अस्पताल में शुक्रवार देर रात 2 बजे लगी। आग किन कारणों से लगी इसका पता लगाया जा रहा है, लेकिन आपको बता दें आग की सटीक वजह का पता लगना मुश्किल हो रहा है। क्योंकि आग इतनी भयावह थी, उसमें सब कुछ खाक हो गया। अभी तक आग के पीछे की वजह शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं जिला प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्मार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए है।
दर्दनाक घटना में अस्पताल के डॉक्टर विकास हाजरा और उनकी पत्नी डॉ प्रेमा हाजरा समेत 6 मरीजों की मौत गई। साथ ही आग की चपेट में आने से कुछ मरीज गंभीर रूप से झुलस गए। आग की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गई। लेकिन आग की लपटें इतनी भायनक थी कि आग बुझाने और रेस्क्यू करने में दमकल विभाग को कड़ी मशक्कत करना पड़ी। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
स्थानीयों लोगों ने घटना के बारे में बताया कि शुक्रवार देर रात को क्लीनिक से धुआं उठने लगा और फिर देखते ही देखते आग ने पूरे अस्पताल को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके चलते कमरे में सो रहे डॉक्टर हाजरा और उनकी पत्नी और मरीजों को अस्पताल से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। हादसे के वक्त क्लीनिक में 25 मरीज भर्ती थे। आनन-फानन में मरीजों को दूसरे बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया। बता दें कि घटना में रेस्क्यू कर रहे डॉक्टर हाजरा के भांजे की भी मौत हो गई।
हेमंत सोरेन ने जताया दुख
दर्दनाक हादसे को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा कि, 'धनबाद स्थित हाजरा मेमोरियल अस्पताल में देर रात लगी आग से डॉक्टर दंपति डॉ. विकास और डॉ. प्रेमा हाजरा समेत 6 लोगों की मौत से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे.'
धनबाद के हाजरा मेमोरियल अस्पताल के आवासीय परिसर में आग लगने से 6 लोगों की मृत्यु की घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 28, 2023
Created On : 28 Jan 2023 5:40 AM