महाराष्ट्र के बुलढाणा में केजरीवाल की रैली, जीजाबाई को देंगे श्रद्धांजलि

Arvind Kejriwal to address rally in Maharashtra today
महाराष्ट्र के बुलढाणा में केजरीवाल की रैली, जीजाबाई को देंगे श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र के बुलढाणा में केजरीवाल की रैली, जीजाबाई को देंगे श्रद्धांजलि

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी की मां जिजाबाई के जन्मस्थल पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज एक रैली को संबोधित करेंगे। दरअसल आज जिजाबाई की जयंती है इस दौरान केजरीवाल जिजाबाई को श्रद्धांजलि भी देंगे। बता दें कि हर साल लाखों लोग राजमाता जीजाबाई को श्रद्धांजलि देने के लिए सिंदखेड राजा में उमड़ते हैं। यहां आने वाले ज्यादातर लोग मराठा समुदाय के होते हैं। केजरीवाल की रैली को महाराष्ट्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने से जोड़कर भी देखा जा रहा है।


"आप" में शामिल हो सकते है सुधीर सावंत

सुबह करीब 10 बजे केजरीवाल महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले  के सिंदखेड राजा पैलेस पहुंचेंगे। जहां वह राजमाता जीजाबाई को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 से 2 बजे के बीच केजरीवाल सिंदखेड़ राजा में महाराष्ट्र संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। आप की प्रवक्ता प्रीति शर्मा मेनन ने कहा है कि आज होने वाली रैली में कोंकण क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस सांसद ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) सुधीर सावंत को केजरीवाल आप में शामिल करा सकते हैं। मालूम हो कि सावंत मराठा समुदाय से आते हैं। राज्य में करीब 32 फीसदी आबादी मराठा लोगों की हैं।

रैली को नहीं मिली थी अनुमति

इससे पहले कानून और व्यवस्था का हवाला देते हुए केजरीवाल की इस रैली को अनुमति देने से पुलिस ने इनकार कर दिया था। जिसके बाद आप नेताओं ने इस मामले को सूबे के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने उठाया। जिसके बाद केजरीवाल को रैली की अनुमति दे दी गई। अब तय कार्यक्रम के मुताबिक ही आम आदमी पार्टी रैली निकालेगी।


केजरीवाल का ट्वीट

रैली के लिए मंजूरी मिलने के बाद केजरीवाल ने मराठी में किए गए एक ट्वीट में कहा कि ‘12 जनवरी को राजमाता जीजाबाई जयंती के मौके पर मैं महाराष्ट्र के लोगों से बात करने के लिए सिंदखेड राजा आ रहा हूं।’ बता दें कि राज्य में करीब 32 फीसदी आबादी मराठा लोगों की हैं। और पिछले साल वे शिक्षा और नौकरी में आरक्षण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे। 

 

 


दो दिन का जन्मोत्सव समारोह

छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जीजाबाई की जयंती पर हर साल सिंदखेड राजा में दो दिन का कार्यक्रम होता है। 11 और 12 जनवरी को यहां जीजाबाई के जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में काफी लोग आते हैं। इसी आयोजन में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए संविधान मोर्चा नाम के एक संगठन ने केजरीवाल को बुलाया है। 

Created On :   12 Jan 2018 4:30 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story