CDR मामला : एक्टर जैकी श्रॉफ की पत्नि आयशा से हुई पूछताछ, एक और गिरफ्तारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कॉल डेटा रिकॉर्ड (सीडीआर) मामले में ठाणे पुलिस ने गुरूवार को आयशा श्रॉफ का बयान दर्ज किया। आयशा अभिनेता जैकी श्रॉफ की पत्नी और टाइगर श्रॉफ की मां हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आयशा ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। वहीं इस मामले में पुलिस ने जासूसी एजेंसी से जुड़े जिग्नेश छेड़ा नाम के शख्स को भी गिरफ्तार किया है। सीनियर इंस्पेक्टर नितिन ठाकरे ने आयशा से हुई पूछताछ की पुष्टि की है। हालांकि जांच का हवाला देते हुए मामले में ज्यादा खुलासा करने से इनकार कर दिया। लेकिन सूत्रों के मुताबिक आयशा ने कई अहम खुलासे किए हैं जिससे आने वाले एक दो दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
आयशा पर अभिनेता साहिल खान का सीडीआर हासिल करने का आरोप है। उस दौरान आयशा और साहिल के बीच विवाद चल रहा था। बिजनेस पार्टनर रह चुके साहिल पर बाद में आयशा ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। आयशा अपना बयान दर्ज कराने ठाणे पुलिस के ऑफिस पहुंची थी। वहीं मामले में गिरफ्तार छेड़ा मराठा डिटेक्टिव एजेंसी चलाता है। आरोप है कि उसने माकेश पांडियन नाम के एक और जासूस से दो लोगों के कॉल डेटा रिकॉर्ड खरीदे थे। मामले में पांडियन समेत 12 लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
Created On :   12 April 2018 8:40 PM IST