असम: उल्फा उग्रवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, 1 पुलिस अधिकारी की मौत

असम: उल्फा उग्रवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, 1 पुलिस अधिकारी की मौत

डिजिटल डेस्क, तिनसुकिया/ गुवाहाटी। असम के तिनसुकिया जिले में शुक्रवार शाम उल्फा उग्रवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें बोर्डूम्सा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी भास्कर कलिता की मौत हो गई। मुठभेड़ में 2 उग्रवादी भी मारे गए। सुरक्षा बलों ने उल्फा के दो महिला सदस्यों को अरेस्ट किया है। घटनास्थल से बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।

6 मई को असम दौरे पर हैं गृहमंत्री राजनाथ सिंह

बता दें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह 6 मई को असम का दौरा करेंगे। उनके दौरे से ठीक एक दिन पहले तिनसुकिया में  उल्फा-(आई) उग्रवादियों और पुलिस के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 1 उल्फा उग्रवादी को भी मार गिराया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी की भी जान चली गई। 

 



असम पुलिस के अधिकारी ने दी जानकारी

असम पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने घटना की जानकारी गुवाहाटी में दी। अधिकारी ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश से सटे अंतर्राज्यीय सीमा के पास उल्फा-(आई) के साथ मुठभेड़ में भास्कर कलिता शहीद हो गए। कई जवानों के घायल होने की भी खबर है।

 


 

 

पुलिस को मिली थी उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना

एडीजी (स्पेशल ब्रांच) पल्लव भट्टाचार्य के मुताबिक बोर्डूम्सा के पास एक घर में उल्फा-(आई)  के उग्रवादियों के होने की खबर मिली थी। जिसके बाद भास्कर कलिता के नेतृत्व में असम पुलिस और CRPF की कोबरा बटालियन ने पूरे इलाके में छानबीन की। बोर्डूम्सा इलाका तिनसुकिया से करीब 80 किमी की दूरी पर है।

फायरिंग के साथ ब्लास्ट भी हुए

जानकारी के अनुसार पुलिस को इनपुट मिला था कि उल्फा-(आई) के उग्रवादियों का ग्रुप भारी मात्रा में हथियारों के साथ कंजू पथार गांव में मौजूद है। जिसके बाद बोर्डूम्सा पुलिस स्टेशन के ओसी भास्कर कलिता पुलिस बल के साथ उसी गांव में पहुंच गए। पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस बल ने भी जवाबी कार्रवाई की। काफी देर तक पुलिस और उग्रवादियों के बीच जमकर फायरिंग हुई। दो ग्रेनेड ब्लास्ट भी हुए हैं। 

भारी मात्रा में हथियार भी बरामद

इस फायरिंग में CRPF और पुलिस के कई जवान घायल बताए जा रहे हैं।मुठभेड़ के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर भास्कर कालिता बुलेट लगने से घायल हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने उल्फा के एक सदस्य को मार गिराया जबकि दो उल्फा महिला काडर को अरेस्ट किया है। घटनास्थल से बरामद किए गए हथियारों में एके-47, एक्स-95 मैगजीन और IED शामिल हैं।

Created On :   5 May 2018 2:19 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story