दिग्विजय सिंह का वीडियो वायरल, कहा- मेरे प्रचार करने से कटते हैं कांग्रेस के वोट

दिग्विजय सिंह का वीडियो वायरल, कहा- मेरे प्रचार करने से कटते हैं कांग्रेस के वोट
हाईलाइट
  • आजकल मैं जनसभा या रैली नहीं करता: दिग्विजय
  • जीतू पटवारी के घर पहुंचे थे कांग्रेस नेता
  • दिग्विजय बोले
  • काम नहीं करोगे तो ख्वाब देखते रह जाओगे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले दिग्विजय सिंह के भाषण से कांग्रेस के वोट कटते हैं। इसी वजह से वे आजकल कोई रैली या जनसभा नहीं करते। ये बात दिग्विजय सिंह ने खुद कही है। दरअसल, सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिग्विजय सिंह यह कहते हुए नजर आ रहे हैं। 


ये वीडियो उस समय बनाया गया है, जब दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर पहुंचे थे। दिग्विजय जब जाने के लिए घर से बाहर निकले तो कांग्रेस कार्यकर्ता उनके सामने खड़े हो गए। इसके बाद दिग्विजय ने कहा कि काम नहीं करोगे तो बस ख्वाब देखते रह जाओगे। इस तरह काम करके सरकार नहीं बनाई जा सकती है। दुश्मन को भी टिकट मिलने पर उसे जिताना होगा। इसके बाद दिग्विजय ने कहा कि मेरा काम सिर्फ एक है। कोई भाषण और कोई प्रचार नहीं करता। मेरे भाषण देने से कांग्रेस के वोट कट जाते हैं, इसलिए मैंने कहीं जाना ही बंद कर दिया है। 
 

दिग्विजय के इस कथन की वजह लगातार हो रही उनकी उपेक्षा को माना जा रहा है। कुछ दिनों पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भोपाल में रोड शो किया था। उस समय दशहरा मैदान में रैली स्थल से दिग्विजय का कटआउट नदारद था। पूरे शहर में कांग्रेसी नेताओं की तत्वीरें नजर आ रही थीं, लेकिन उनमें दिग्विजय नहीं थे। कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने कहा था कि इसकी शिकायत कांग्रेस हाईकमान को की गई है।

 

कमलनाथ बोले -नहीं पता किसी संदर्भ में ऐसा कहा

मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह के बयान पर कहा कि उन्हें नहीं पता दिग्विजय ने किन संदर्भों में ये बात कही है।

 

शिवराज ने कसा तंज, कांग्रेस अपने नेता की इज्जत करे

दिग्विजय के बयान पर शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम कांग्रेस के लोग अपने नेता की इज्जत करे। मैंने सोचा नहीं था कि कांग्रेस अपने नेता की ये दुर्दशा करेगी। 

 

Created On :   16 Oct 2018 4:50 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story