दिल्ली-मुंबई से तेल अवीव की सीधी फ्लाइट, OCI कार्ड के नियम सरल होंगे : मोदी

डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। पीएम मोदी ने इजरायल दौरे के दूसरे दिन तेल अवीव में अपना संबोधन दिया। हजारों इजरायली और भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने इजरायल को इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रणी देश करार दिया। इजरायल की तरक्की और सुरक्षा नीतियों की तारीफ के साथ-साथ पीएम मोदी ने भारत के हर क्षेत्र में आगे बढ़ते कदमों को बताया। अपने संबोधन में पीएम ने दिल्ली-मुंबई से तेल अवीव की सीधी फ्लाइट की घोषणा की। साध ही इजरायल में भारतियों के लिए OCI कार्ड के नियमों को सरल करने की भी बात कही। इससे पहले पीएम मोदी ने यरूशलम स्थित संग्राहलय का दौरा किया। पीएम मोदी ने इजरायल के नेता प्रतिपक्ष इसाक हरजोग से भी मुलाकात की।
तेल अवीव में मोदी मंत्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में इजरायल की जमकर तारीफ की। उन्होंने इजरायल को इनोवेशन के जरिए दुनियाभर में धाक जमाने वाला देश बताया। पीएम ने कहा कि कैमरा से लेकर सिक्यॉरिटी तक, इजरायल ने अपने नए-नए इनोवेशन से दुनिया के बड़े-बड़े देशों को पीछे छोड़ दिया। भारत को विकास के रथ पर सवार बताकर उन्होंने इजरायल और भारत के मजबूत सम्बंधों की वकालत की। उन्होंने कहा कि भारत-इजरायल की दोस्ती भारत की तरक्की में पंख लगा देगी। उनसे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दोनों देशों के अच्छे सबंधों की बात कही। दोनों देशों के भविष्य को साझा बताया।
पीएम ने कहा
- इजरायल का साथ भारत में दूसरी हरित क्रांति लाएगा।
- भारत और इजरायल का सम्बंध भरोसे और दोस्ती का है।
- इजरायल के भारतियों को PIO कार्ड को लेकर परेशानी होती है।
- PIO कार्ड की समस्या भी जल्द खत्म होगी। वैसे दिल से जुड़े रिश्ते कार्ड से खत्म नहीं होते।
- OCI कार्ड के नियमों को सरल करेंगे।
- इजरायल के लोग भारत आएं और हमारी संस्कृति, सभ्यता से परिचित हों।
- भारत सरकार इजरायल में खोलेगी भारतीय सांस्कृतिक संस्थान।
- मेरे स्वागत, सम्मान के लिए पीएम नेतन्याहू के साथ-साथ आप सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद।
- दिल्ली-मुंबई से तेल अवीव की सीधी फ्लाइट मिलेगी।
भारत का गुणगाण
- हमने कॉन्स्ट्रक्शन सेक्टर में सौ प्रतिशत विदेशी निवेश को मंजूरी दे दी है
- अब भारत में अगर कोई नौजवान स्टार्टअप से काम शुरू करना चाहता है तो एक दिन के अंदर कंपनी रजिस्टर करा सकता है।
- सरकार ने कौशल विकास के कार्यक्रमों को एक मंत्रालय में लाकर फोकस ऐक्टिविटी के रूप में बल दिया है।
- भारतीय नौजवानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का कौशल विकास मुहैया कराया जा रहा है।
- पहले टैक्स का मामला बहुत उलझा हुआ था। जीएसटी से भारत का आर्थिक एकीकरण हुआ है।
- भारत दुनिया में सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। मेरी सरकार का मंत्र है इन्फॉर्म, रिफॉर्म, पर्फार्म।
संग्राहलय का दौरा
इजरायल एवं भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों का जश्न मनाने के लिए नेता यरूशलम स्थित इजरायल संग्रहालय गए और भारत की यहूदी विरासत के प्रति समर्पति प्रदर्शनियों का दौरा किया। दोनों प्रधानमंत्री तीन मुख्य प्रदर्शनियों में गए। इस यात्रा में आकर्षण का मुख्य केंद 16वीं सदी में बने कोचीन के कडवुम्बगम उपासनागृह की प्रतिकृति थी। इस दौरान दो पारंपरिक भारतीय यहूदी गायकों ने यहूदी भजन गाए।
नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात
इजरायल के नेता प्रतिपक्ष इसाक हरजोग ने बुधवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। हरजोग लेबर पार्टी के प्रमुख हैं और जनरल चाइम हरजोग के पुत्र हैं। चाइम हरजोग 1983 से 1993 तक इजरायल के राष्ट्रपति रहे थे।
इजरायल में भारत खोलेगा सांस्कृतिक केंद्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और इजरायल के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के प्रयासों के तहत यहां एक भारतीय सांस्कृतिक केंद्र खोले जाने की घोषणा की। मोदी ने दो समाजों को करीब लाने में भारत में यहूदी समुदाय तथा इजरायल में भारतीय मूल के यहूदियों के योगदान की सराहना की। दोनों नेताओं की बातचीत के बाद जारी संयुक्त बयान के अनुसार मोदी ने इजरायल में एक भारतीय सांस्कृतिक केंद्र खोले जाने की घोषणा की। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इसका स्वागत किया और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
Created On :   5 July 2017 11:46 PM IST