बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रोते हुए बोले- कांग्रेस ने किया दलितों का अपमान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोनिया गांधी के आदेश पर बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अशोक चौधरी ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कांग्रेस के ऊपर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रस ने उन्हें पद से हटाकर उनका और पूरे दलित समाज का अपमान किया है। मीडिया से बात करते हुए वे रो पड़े। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने पार्टी के प्रदेश महासचिव सीपी जोशी पर आरोप लगाते हुए कहा कि दलितों को पार्टी पदों से हटाने की कारवाई के पीछे जोशी का हाथ है। इसके साथ ही चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन के मुकामों को हासिल करने के पीछे राहुल गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
सोनिया गांधी ने हटाया था पद से
डॉ.चौधरी ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कह दिया है कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे, बल्कि उसमें रहकर दलित विरोधी नेताओं का पर्दाफाश करेंगे। चौधरी ने प्रदेश में पार्टी की बदहाल स्थिति होने के लिए सीपी जोशी को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने बताया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अशोक चौधरी को बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से स्वयं हटाया था।
बिहार में टूट रही है कांग्रेस
पार्टी छोड़ने के बारे में सवाल पूछने पर अशोक ने कहा कि उनका पार्टी छोड़ने का अभी कोई इरादा नहीं है, लेकिन उन्हें यह फैसला भी मंजूर नहीं है। माना जा रहा है कि अशोक चौधरी कांग्रेस का हाथ छोड़कर कभी भी जेडीयू के साथ आ सकते हैं। लेकिन उनके बयान को देखकर कहीं-ना-कहीं ऐसा लगता है कि जब भी सही समय आएगा अशोक किसी और पार्टी का हाथ थामने से नहीं हिचकेंगे। बिहार से लगातार कांग्रेस विधायकों के पार्टी से टूटने की खबरें आ रही हैं।
Created On :   27 Sept 2017 11:32 PM IST