Election: मनिका में बोले अमित शाह- नक्सल मुक्त राज्य बना झारखंड

Election: मनिका में बोले अमित शाह- नक्सल मुक्त राज्य बना झारखंड

डिजिटल डेस्क, रांची। लातेहार के मनिका प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय मैदान में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने कहा, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सबसे बड़ा काम किया है, जो कई वर्षों तक किसी सरकार ने नहीं किया। मुख्‍यमंत्री ने झारखंड को नक्सल मुक्त राज्य बनाया जिसके कारण सूबे का विकास हुआ।

 

 

 

राममंदिर को लेकर अमित शाह ने कहा, इतने सालों से ये फैसला नहीं हो रहा था, हम भी चाहते थे कि संवैधानिक रूप से इस विवाद का रास्ता निकले और देखिये श्री राम की कृपा सुप्रीम कोर्ट ने निर्णय कर दिया और उनके निर्णय से उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर बनने का रास्ता खुल गया है। हर कोई चाहता है कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए, मगर ये कांग्रेस पार्टी केस ही नहीं चलने देती थी। देश के सर्वोच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला करके सर्वानुमत से ये निर्णय किया है कि अयोध्या में जहां श्रीराम का जन्म हुआ था, वहीं भव्य मंदिर बनें।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, सोनिया-मनमोहन सरकार ने 13वें वित्त आयोग में झारखंड के विकास के लिए 55,253 करोड़ रुपये दिए थे। मोदी सरकार ने झारखंड के विकास के लिए 3,08487 करोड़ रुपये देने का काम किया है। कश्मीर समस्या को कांग्रेस पार्टी अपने वोट बैंक के लालच में 70 साल से लटकाए हुई थी। 

शाह ने कहा, कांग्रेस पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा आदिवासियों और पिछड़ों की बात करते हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि 70 साल तक आपने शासन किया, गरीब के घर में गैस, बिजली, स्वास्थ्य कार्ड, शौचालय क्यूं नहीं पहुंचा? इनके पास कोई बात का जवाब नहीं है। हमने 35 लाख लोगों के घर में गैस का सिलेंडर पहुंचाने का काम किया, 5 लाख से ज्यादा लोगों को घर देने का काम किया और पूरे झारखंड के हर घर में शौचालय और पीने का पानी पहुंच जाये, इस प्रकार की व्यवस्था भी भाजपा की सरकार कर रही है।

धारा 370 का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, मोदी जी ने भारत माता के मुकुटमणि पर लगे 370 के कलंक को हटाकर आज कश्मीर के विकास के रास्ते को खोल दिया है। फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद पहले ही सत्र के अंदर कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A को हटाने का काम नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने किया है। आदिवासी भाइयों-बहनों के बच्चों की शिक्षा के लिए नरेन्द्र मोदी जी ने देश भर के हर आदिवासी ब्लॉक के अंदर एकलव्य स्कूल बनाएं।

झारखंड के विकास और नक्सलवाद की समस्या को लेकर शाह ने कहा, 5 साल के अंदर देश में 438 एकलव्य स्कूल बनाने का काम भाजपा ने किया। रघुवर दास सरकार ने 5 साल के अंदर नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में ढेर सारे कदम उठाये और इसी कारण आज झारखंड के कोने कोने में बिजली, सड़क, पीने का पानी और सिलेंडर आदि पहुंचे। आदिवासी भाइयों-बहनों के लिए मोदी सरकार ने बहुत काम किए हैं। 5 साल के अंदर आदिवासियों का गौरव बढ़ाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है।

शाह ने कहा, डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड की हमने रचना की, इस फंड से 32 हजार करोड़  रुपये आदिवासी भाइयों-बहनों के विकास के लिए दिए गए। झारखंड राज्य आदिवासी संवर्धन सोसाइटी के तहत महिला किसान शक्ति के रूप में लेमन ग्रास और तुलसी को उपजा कर महिलाओं की आय में वृद्धि करने का काम किया।

शाह ने कहा, सिर्फ मनिका विधानसभा में 300 करोड़ रूपये की लागत से 554 किमी का रास्ता बना है। मनिका और लातेहार में जो काम भाजपा की सरकार ने किये हैं वो मैं आपको बताना चाहता हूं- हमारी सरकार ने बिरसा मुंडा की जन्मस्थली और कर्म स्थली पर उनके सम्मान में स्मारक बनाया और 2018 में पहली बार 70 साल के बाद डिग्री कॉलेज की स्वीकृति देने का काम किया।

पीएम मोदी की नीति की सराहना करते हुए शाह ने कहा, नरेन्द्र मोदी जी ने हर पल, हर दिन झारखंड के विकास के लिए दिल्ली में बैठकर चिंता की है। जिसकी वजह से आज झारखंड में विकास हुआ है। गत चुनाव में मैंने कहा था कि एक बार आप पूर्ण बहुमत दे दीजिये, हम झारखंड को विकास के रस्ते पर ले जाएंगे। मुझे आनंद है कि आज 5 साल बाद जब यहां आया हूं तो हमारे रघुबर दास जी ने झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने का काम किया है।

शाह ने कहा, सन् 1857 की क्रांति में अंग्रजों के खिलाफ जब पूरा देश लड़ रहा था तब सबसे बड़ी लड़ाई पलामू के लोगों ने लड़ी थी, यहां की जन-जातियों ने खुलकर हिस्सा लिया और क्रांति की मशाल को जलाए रखा। आपका एक वोट ये तय करेगा कि अगले 5 साल में झारखंड में किसकी सरकार बनेगी।

शाह ने कहा, आप ये मत सोचना कि आप विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने जा रहे हैं, मेरा आप सबसे कहना हैं कि आपका एक वोट झारखंड के विकास के लिए है, झारखंड को आगे बढ़ाने वाला है। मैं झारखंड भाजपा को भी बधाई देना चाहता हूं कि इन्होंने चुनाव प्रचार की शुरुआत के लिए लातेहार की क्रांतिकारी भूमि को पसंद किया है। मैं लातेहार की क्रांतिकारी भूमि को प्रणाम करता हूं।

Created On :   21 Nov 2019 9:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story