जेएनयू हॉस्टल्स का होगा सुरक्षा ऑडिट

JNU hostels will have a safety audit
जेएनयू हॉस्टल्स का होगा सुरक्षा ऑडिट
जेएनयू हॉस्टल्स का होगा सुरक्षा ऑडिट
हाईलाइट
  • जेएनयू हॉस्टल्स का होगा सुरक्षा ऑडिट

नई दिल्ली, 11 जनवरी (आईएएनएस)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन अब सभी हॉस्टल्स का सुरक्षा ऑडिट करवाएगा। दरअसल दिल्ली पुलिस को संदेह है कि जेएनयू के हॉस्टल्स में कुछ अज्ञात लोग हो सकते हैं। पुलिस ने इस बाबत जेएनयू के रजिस्ट्रार को सूचित किया है। इसके बाद ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने हॉस्टल्स में रह रहे सभी छात्रों से तुरंत इसकी जानकारी देने को कहा है। छात्रों के अलावा हॉस्टल्स के वॉर्डन को भी सुरक्षा ऑडिट में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टूडेंटस उमेश ए कदम ने हॉस्टल्स के सुरक्षा ऑडिट के लिए बकायदा एक ऑर्डर जारी किया है। यह ऑर्डर सभी हॉस्टल्स के वॉर्डन को दिया गया है।

उधर हॉस्टल्स में रह रहे छात्रों से कहा गया है कि यदि उनके साथ कोई बाहरी व्यक्ति या कोई और अनधिकृत छात्र उनके कमरे में रह रहा है तो इसकी सूचना तुरंत वॉर्डन को दी जाए। इसके लिए छात्रों को एक फार्म भर कर बाहरी व्यक्ति कब से उनके साथ रह रहा है व उसके नाम पते समेत पूरी जानकारी वार्डन को देनी होगी।

डीन उमेश ए कदम के मुताबिक बाहरी व्यक्ति को अपने साथ हॉस्टल में रखने वाले व उसकी सूचना न देने वाले छात्रों के खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हॉस्टल्स में रह रहे छात्रों के परिचितों अथवा अतिथियों की जानकारी दिल्ली पुलिस को भी भेजी जाएगी।

दरअसल 5 जनवरी को जेएनयू में दर्जनों नकाबपोश लाठी डंडे लेकर घुस आए थे। इन नकाबपोश उपद्रवियों के हमले में 36 से ज्यादा छात्र जख्मी हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने इनमें से कुछ को पहचानने का दावा किया है जबकि अधिकांश की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

डीन उमेश ए कदम के मुताबिक विश्वविद्यालय द्वारा की जा रही यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के आग्रह पर ही करवाई जा रही है। दरअसल दिल्ली पुलिस को संदेह है कि जेएनयू में कुछ बाहरी लोग रह रहे हैं। इसी संदेह के चलते दिल्ली पुलिस ने विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार से संपर्क कर जेएनयू हॉस्टल का सुरक्षा ऑडिट करवाने की मांग की है। पुलिस की इस मांग पर अब सभी हॉस्टल्स में यह सुरक्षा ऑडिट करवाया जा रहा है।

-- आईएएनएस

Created On :   11 Jan 2020 4:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story