Sharjeel imam Arrest: देशद्रोह का आरोपी शरजील बिहार से गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया

Sharjeel imam Arrest: देशद्रोह का आरोपी शरजील बिहार से गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया
हाईलाइट
  • देशद्रोह का आरोपी शरजील इमाम जहांनाबाद से गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशद्रोह का आरोपी शरजील इमाम को दिल्ली पुलिस ने बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। छह राज्यों की पुलिस शरजील की तलाश कर रही थी। पुलिस ने शरजील को जहानाबाद कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने शरजील को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली पुलिस को सौंपने के आदेश दिए हैं। शरजील के सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए थे, जिसमें वो देश विरोधी बयान दे रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही शरजील की तलाश की जा रही थी। शरजील इमाम जेएनयू से पीएचडी स्कॉलर है। उसका कनेक्शन शाहीन बाग से भी है। उसे शाहीन बाग कॉर्डिनेशन कमेटी का प्रमुख बताया जाता है।

क्या कहा डिप्टी कमिश्नर ने?
दिल्ली क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर राजेश देव ने कहा, "हमने जहानाबाद से शारजील इमाम को गिरफ्तार किया है। बिहार के निवासी इमाम का पता लगाने के लिए पांच टीमों को तैनात किया गया था। मुंबई, पटना और दिल्ली में छापे मारे गए थे। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पीएचडी करने वाले इमाम ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के विरोध में दिए "भड़काऊ" भाषण दिए थे। इस भाषणों के चलते कई राज्यों में इमाम पर राजद्रोह के मामले दर्ज किए गए थे।

देशद्रोह का मामला किया गया था दर्ज
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रविवार को शाहीन बाग विरोध प्रदर्शन के सह-संयोजक इमाम पर उसके विवादित ​​भाषण के लिए FIR दर्ज की थी। इमाम पर भारतीय दंड संहिता (IPC) के सेक्शन 124A, 153A और 505 के तहत समुदायों को भड़काने और देशद्रोह के आरोपों की धाराएं लगाई गई थी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी 16 जनवरी को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में दिए विवादास्पद भाषण के लिए इमाम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। असम पुलिस ने भी इमाम के खिलाफ भड़काऊ भाषण देकर लोगों को उकसाने के आरोप में एक एफआईआर दर्ज की थी।

वीडियो में देश विरोधी बयान दे रहा है शरजील
गौरतलब है कि शरजील इमाम दो वीडियो सामने आए थे जिसमे वह बयान देकर लोगों को देश के खिलाफ भड़का रहा था। एक वह कहता है कि अगर लोग संगठित हों तो हम असम से भारत को हमेशा के लिए अलग कर सकते हैं। वीडियो में शरजील यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि एक-दो महीने के लिए तो असम को भारत से काट ही सकते हैं। वह लोगों से कहता है कि रेलवे ट्रैक पर इतना मलबा डालो कि हटाने में एक महीना लगे। असम को काटना हमारी जिम्मेदारी है। दूसरे वीडियो में शरजील यह कहता दिख रहा है कि हमारी ख्वाहिश और आरजू है कि दिल्ली में चक्का जाम हो, सिर्फ दिल्ली में ही नहीं...जिस शहर में मुसलमान कर सकता है. हिन्दुस्तान के पांच-छह शहरों में मुसलमान चक्का जाम कर सकता है।

छह राज्यों की पुलिस कर रही थी तलाश
शरजील की तलाश में छह राज्यों की पुलिस लगी हुई थी। जांच एजें‍सियों ने उसके जहानाबाद के काको स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी की थी। इस दौरान घर के तीन सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। पुलिस शरजील की खोज में बिहार में लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, शरजील की लास्‍ट लोकेशन पटना में रही थी। उसकी खोज पटना में भी की जा रही थी। सोमवार को पटना के सब्‍जीबाग इलाके में शरजील खोज में छापेमारी की गई थी। शरजील के नेपाल भाग जाने की आशंका को देखते हुए बिहार-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट पर कर दिया गया था। रक्‍सौल-वीरगंज सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी।

Created On :   28 Jan 2020 9:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story