साउथ मुंबई के सिंधिया हाउस में लगी आग, 8 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

साउथ मुंबई के सिंधिया हाउस में लगी आग, 8 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के सिंधिया हाउस में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई। ये आग सिंधिया हाउस की तीसरी और चौथी मंजिल पर लगी थी। तीसरी मंजिल पर आयकर विभाग का कार्यालय है। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़िया मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। इस इमारत में फंसे 8 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

 

 


तीसरी से चौथी मंजिल तक पहुंची आग
शुक्रवार को शाम करीब 4 बजकर 20 मिनट का वक्त था, तभी अचानक दक्षिण मुंबई के बेलार्ड इस्टेट में स्थित सात मंजिला सिंधिया हाउस की तीसरी मंजिल से आग की लपटें उठती दिखीं। देखते ही देखते आग की लपटें तीसरी से चौथी मंजिल तक पहुंच गई। इसके बाद दमकल विभाग को मामले की जानकारी दी गई। जानकारी मिलने के थोड़ी देर बाद 4 बजकर 51 मिनट पर 5 फायर इंजन और पांच पानी के टैंकर मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू हो गई। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग कैसे लगी, कितना नुकसान हुआ, इस बारे में अब तक जानकारी नहीं मिल सकी है।

8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मुंबई फायर ब्रिगेड की फायर फाइटिंग टीम ने टैरेस और दूसरे माले पर फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 7 लोगों को सफोकेशन की शिकायत के बाद सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस सात लोगों में  एक दमकलकर्मी 55 साल के यशवंत दगड़ू भी शामिल है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार तीसरी मंजिल पर कैंटीन से आग की शुरुआत हुई थी। हालांकि दमकल विभाग की तरफ से अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

बिल्डिंग में कई सरकारी दफ्तर
इस बिल्डिंग में कई सरकारी दफ्तर हैं। आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेटिव विंग का दफ्तर भी इसी बिल्डिंग में है। सूत्रों के अनुसार PNB घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी से जुड़े कागजात यहां पर रखे हुए हैं। इसके अलावा ललित मोदी और हाल के स्टर्लिंग ग्रुप पर किए गए कार्रवाई के दस्तावेज हैं। 

Created On :   1 Jun 2018 5:29 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story