पेट्रोल-डीजल के दामों में आज भी हुई बढ़ोतरी, मुंबई में 90 रुपए के करीब पेट्रोल

पेट्रोल-डीजल के दामों में आज भी हुई बढ़ोतरी, मुंबई में 90 रुपए के करीब पेट्रोल
हाईलाइट
  • जनता को राहत देने राज्यों ने घटाया वैट
  • दामों को कम करने लगाई याचिका खारिज
  • पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतें थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं, लगभग एक महीने से रोजाना तेल के दामों में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि कुछ राज्यों की सरकारों ने वैट कम कर जनता को राहत देने का प्रयास किया है। वहीं शुक्रवार को दिल्‍ली में पेट्रोल 0.28 पैसे प्रति लीटर बढ़कर 81.28 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। डीजल का रेट भी 0.22 पैसे प्रति लीटर बढ़कर 73.30 रुपए प्रति लीटर हो गया है। दिल्‍ली में पेट्रोल की कीमतों ने 80 रुपए प्रति लीटर का आंकड़ा पिछले सप्ताह ही पार कर लिया था। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर 28 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। एक लीटर पेट्रोल 88.67 और डीजल 77.82 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। 

देशभर में  दामोंं बढ़ोतरी
मुंबई-दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों में भी तेलों के दामों में बढ़ोतरी जारी है। कोलकाता में पेट्रोल 83.14 रु/ली और डीजल 75.15 रु/ली, चेन्नई में पेट्रोल 84.49 रु/ली, डीजल 77.49 रु/ली, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल 87.03 रु/ली और डीजल 77.23 रु/ली, लखनऊ में पेट्रोल 81.01 रु/ली और डीजल 73.42 रु/ली की दर से बिक रहा है। 

पीएम करेंगे बैठक
तेल के रोजाना बढ़ रहे दाम और डॉलर के मुकाबले रुपए की घटती कीमत को लेकर सरकार सतर्क हो गई है। पीएम मोदी ने शनिवार को अर्थव्यवस्था पर एक बैठक रखी है। बढ़ती महंगाई पर कुछ ठोस कदम उठाने के लिहाज से अहम मानी जा रही इस बैठक में वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ मोदी कैबिनेट के अन्य मंत्री भी शामिल होंगे।

सरकार का रुख सही है
रोजाना बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि सरकार पेट्रोल, डीजल की कीमतों को काबू में रखने के लिए जो रुख अपना रही है वह सही है क्योंकि इन ईंधनों पर उत्पाद शुल्क में कमी करने से राजकोषीय घाटा बढ़ेगा और समस्या कम होने की बजाए बढ़ जाएगी।

 

 

 

Created On :   14 Sep 2018 2:13 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story