UP सरकार पर प्रियंका का वार, बोली- बहानेबाजी नहीं, कार्रवाई करें

UP सरकार पर प्रियंका का वार, बोली- बहानेबाजी नहीं, कार्रवाई करें

डिजिटल डेस्क, रायबरेली। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज (मंगलवार) उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अपराध पर कहा कि "महिलाओं के खिलाफ अपराध में राज्य सबसे ऊपर है। यह शर्मनाक है और मुख्यमंत्री को इसके लिए कुछ करना ही चाहिए।" साथ ही प्रियंका ने हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी के हत्याकांड पर कहा कि सरकार को बहानेबाजी बंद करनी चाहिए और गंभीर होना चाहिए।

 

 

दरअसल भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ताजा रिपोर्ट जारी की गई है। इस रिपोर्ट में 3 लाख 59 हजार 849 मामले महिला के खिलाफ होने वाले अपराधों पर दर्ज हैं। जिसमें उत्तर प्रदेश सबसे शीर्ष पर है। इसी को लेकर रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर प्रियंका ने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि "राज्य, महिलाओं के अपराध में नंबर वन है। यह शर्मनाक है और प्रदेश सरकार को इसके लिए कुछ करना ही चाहिए।" बता दें कि NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में साल 2017 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 56 हजार 11 मामले दर्ज किये गए। जबकि साल 2016 में यह आंकड़ा 49 हजार 262 का था।

वहीं लखनऊ में हुई कमलेश तिवारी की हत्या पर भी प्रियंका ने प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रोज हत्याएं हो रही हैं। दिनदहाड़े लोगों को जिंदा जला दिया जा रहा है। साथ ही महिलाओं के साथ अपराध भी हो रहे हैं। अब सरकार को बहानेबाजी बंद करनी चाहिए और इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

बता दें कि कमलेश की हत्या की साजिश रचने वाले राशिद अहमद पठान, मोहसिन शेख और फैजान यूनुस को लखनऊ पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई है। जिन्हें आज (मंगलवार) अदालत में पेश किया जाएगा।

Created On :   22 Oct 2019 10:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story