राहुल गांधी देंगे इस्तीफा ! प्रियंका, सचिन, गहलोत ने की मुलाकात

राहुल गांधी देंगे इस्तीफा ! प्रियंका, सचिन, गहलोत ने की मुलाकात

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर अड़े हुए हैं। पार्टी के नेता उन्हें मनाने के लिए पहुंच रहे हैं। आज (मंगलवार) को राहुल के आवास पर मिलने वालों का तांता लगा रहा, सुबह प्रियंका गांधी, अहमद पटेल ने मुलाकात की उसके बाद दोपहर में अशोक गहलोत और सचिन पायलट मुलाकात करने पहुंचे। लोकसभा चुनाव में मात्र 52 सीटों पर सिमटने वाली कांग्रेस पार्टी में इस्तीफों का दौर जारी है, कई प्रदेश अध्यक्ष अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं। 

खबर है कि राहुल गांधी ही कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। पद से इस्तीफा देने की खबरों के बीच सूत्र बता रहे हैं कार्यप्रणाली की कुछ शर्तों के साथ राहुल कांग्रेस की कमान संभालते रहेंगे। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और अहमद पटेल की लंबी बैठक के बाद इस बात पर सहमति बनी है कि राहुल को ही पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालना है। लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। कुछ सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी को नया अध्यक्ष ढूंढने के लिए 1 महीने का वक्त दिया है। राहुल ने पार्टी के एक बड़े नेता से कहा है कि आप एक महीना ले लीजिए, लेकिन मेरा विकल्प ढूंढ लीजिए। उन्होंने कहा है कि मैं पद छोड़ने के लिए मन बना चुका हूं। राहुल ने कहा है कि प्रियंका गांधी को इन सभी से दूर रखना चाहिए, किसी भी हालत में मेरी जगह वह अध्यक्ष नहीं बनेंगी। राहुल गांधी ने कहा है कि मैं लोकसभा में पार्टी का नेतृत्व करने को तैयार हूं। उन्होंने कहा है कि किसी अन्य भूमिका में भी मैं काम कर सकता हूं, पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करता रहूंगा, लेकिन अध्यक्ष नहीं रहूंगा।

 

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी CWC की बैठक के बाद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बात पर अड़े हैं। राहुल ने कहा कि पार्टी जल्द-जल्द इस पर निर्णय कर ले कि अब नया पार्टी अध्यक्ष कौन होगा। इससे पहले राहुल ने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने यहां तक कह दिया था कि गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष चुना जाना चाहिए। दरअसल लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद राहुल गांधी ने खुद इसकी जिम्मेदारी ली थी। नतीजों के बाद CWC की बैठक हुई थी। जिसमें राहुल गांधी ने इस्तीफा देने की बात कही जिसे CWC ने खारिज कर दिया था। 

गौरतलब है कि कांग्रेस को इस लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। वह 52 सीटों पर सिमट गई है। 2014 के चुनाव में 44 सीटें जीतने वाली पार्टी को इस बार बेहतर की उम्मीद थी, लेकिन उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। यहां तक की खुद राहुल गांधी को अमेठी में बीजेपी की स्मृति ईरानी ने हरा दिया। 

Created On :   28 May 2019 2:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story