'दीपावली के बाद कांग्रेस 'चीफ' बन सकते हैं राहुल गांधी'

Rahul may take over as Congress chief after Diwali says Sachin Pilot
'दीपावली के बाद कांग्रेस 'चीफ' बन सकते हैं राहुल गांधी'
'दीपावली के बाद कांग्रेस 'चीफ' बन सकते हैं राहुल गांधी'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की कमान जल्द ही राहुल गांधी के हाथ में आने वाली है। इसका खुलासा राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने किया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी दिवाली के बाद कभी भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं। पायलट मानते हैं कि राहुल गांधी भी इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हैं।

"उपाध्यक्ष के रूप में निपटा रहे हैं सारे काम"
एक इंटरव्यू के दौरान सचिन ने कहा कि राहुल गांधी पहले से ही पार्टी उपाध्यक्ष के रूप में अधिकतर काम निपटा रहे हैं। अब जिम्मेदारी लेने का समय आ गया है। उनके अनुसार दिवाली के बाद जल्द ही नया अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। यह चुनाव लंबे अर्से से पाइपलाइन में है। इस दौरान राजस्थान कांग्रेस प्रभारी ने यह भी कहा कि पार्टी में यह आम भावना हो गई है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सामने से आकर पार्टी का नेतृत्व करें।

"बीजेपी के मार्गदर्शक मंडल से बढ़कर कोई मजाक नहीं"
भारतीय जनता पार्टी का मजाक उड़ाते हुए पायलट ने कहा कि हमें पुरानी पीढ़ी के अनुभवों का पूरा लाभ उठाना चाहिए। कांग्रेस बीजेपी की तरह मार्गदर्शक मंडल बनाने में विश्वास नहीं करती। बीजेपी में मार्गदर्शक मंडल से बढ़कर कोई मजाक नहीं हो सकता। आज आडवाणीजी और सिन्हाजी की क्या हालत बना रखी है, आप बीजेपी वालों से पूछ सकते हैं। हमारे यहां ऐसा नहीं हो सकता।

राहुल गांधी खुद दे चुके हैं बयान
पिछले महीने राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने भारतीय राजनीति के बारे में कई तरह की बातें की तो साथ ही अपने विरोधियों को जमकर लताड़ भी लगाई, साथ ही अपने बयानों से विवादों में फंसने से भी नहीं बचे। अमेरिकी दौरे के दौरान राहुल ने कहा था कि वे कांग्रेस का उत्तरदायित्व संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। राहुल के इस बयान के पहले भी कांग्रेस के कई नेता राहुल के कांग्रेस प्रमुख बनने की बात कर चुके हैं।

Created On :   1 Oct 2017 2:10 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story