प्रियंका की सुरक्षा में सेंध, रॉबर्ट वाड्रा बोले- महिलाएं घर पर सुरक्षित नहीं

प्रियंका की सुरक्षा में सेंध, रॉबर्ट वाड्रा बोले- महिलाएं घर पर सुरक्षित नहीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। प्रियंका की सुरक्षा में चूक पर उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट लिख महिलाओं की सुरक्षा पर कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रियंका, मेरी बेटी और बेटे, मेरे या गांधी परिवार की सुरक्षा के बारे में नहीं है। यह हमारे नागरिकों विशेष रूप से हमारे देश की महिलाओं को सुरक्षित रखने और सुरक्षित महसूस करने के बारे में है। पूरे देश में सुरक्षा से समझौता किया जाता है। 

 

उन्होंने कहा, लड़कियों के साथ छेड़छाड़/ बलात्कार हो रहा है। हम किस समाज का निर्माण कर रहे हैं? प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने देश और अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं, सड़कों पर सुरक्षित नहीं हैं, दिन या रात में सुरक्षित नहीं हैं तो हम कहां और कब सुरक्षित हैं?

 


बता दें 26 नवंबर को एक गाड़ी प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर आकर रुकी। उस वक्त उनके दफ्तर मे मीटिंग चल रही थी। उनका एक सहयोगी बाहर आकर स्कॉर्पियो से उतरे लोगों से पूछा कि वे क्या चाहते हैं। कार से उतरे लोगों में दो पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा था। उन्होंने कहा कि वे प्रियंका गांधी के साथ एक तस्वीर खिंचवाना चाहते हैं। प्रियंका के दफ्तर के कर्मियों ने जब वहां तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से पूछा कि ये लोग अंदर कैसे आ गए, तो जवाब मिला कि आवास की सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की है। इस पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया।

सरकार ने अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे व पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा में लगा एसपीजी घेरा हटा लिया है और इसके बदले उन्हें सीआरपीएफ की जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई गई है। इन्हें एसपीजी सुरक्षा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की एक चुनावी रैली के दौरान आत्मघाती हमले में हत्या हो जाने के बाद से मिली हुई थी।

 

Created On :   3 Dec 2019 5:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story