कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से लड़ेंगे चुनाव !

कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से लड़ेंगे चुनाव !
हाईलाइट
  • उन्हें लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पार्टी से भी ऑफर मिला है।
  • भारतीय जनता पार्टी के सांसद और बॉलीवुड के स्टार अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी को छोड़ सकते हैं।
  • वो कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव 2019 में दिल्ली की नॉर्थ ईस्ट सीट से खड़े हो सकते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांसद और बॉलीवुड के स्टार अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी को छोड़ सकते हैं। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक शॉटगन बहुत ही जल्द कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम सकते हैं। वो कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव 2019 में दिल्ली की नॉर्थ ईस्ट सीट से खड़े हो सकते हैं। हाल ही में शत्रुघ्न सिन्हा ने एक टीवी चैनल पर इंटरव्यू देते हुए कहा था कि उन्हें लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पार्टी से भी ऑफर मिला है।

जानकारी के अनुसार बिहारी बाबू दावेदारी पक्की करने के लिए कांग्रेस के सीनियर नेताओं के संपर्क में भी हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस के उम्मीदवार बनने से नॉर्थ ईस्ट सीट पर दो पूर्वांचली नेताओं के बीच की टक्कर दिलचस्प हो सकती है। ये सीट अभी बीजेपी के पूर्वांचली नेता मनोज तिवारी के पास है।

यही नहीं, सूत्रों की मानें तो आम आदमी पार्टी की तरफ से भी इस सीट पर किसी पूर्वांचली उम्मीदवार को खड़ा करने की प्लानिंग है। ऐसा होता है तो फिर इस सीट पर तीनों पूर्वांचली उम्‍मीदवारों के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है। फिलहाल बिहार के पटना साहिब से शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी सांसद हैं। लेकिन वो लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे हैं। इसलिए जब भी उन्हें मौका मिलता है वो सार्वजनिक मंच से मोदी की नीतियों की आलोचना करने में पीछे नहीं रहते।

हालांकि नॉर्थ ईस्ट सीट पर मनोज तिवारी बनाम शत्रुघ्न सिन्हा के बीच टक्कर को लेकर प्रदेश कांग्रेस नेता चुप्पी साधे हुए हैं। शत्रुघ्न के कांग्रेस में शामिल होने की बात पर प्रदेश नेता इसे चुनावी कयास बता रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि वो इससे इनकार नहीं कर रहे हैं। पिछले दिनों आप से गठबंधन को लेकर जिस प्रकार प्रदेश कांग्रेस नकार रही थी, इस मामले में उनकी चुप्पी से कई मायने भी निकल रहे हैं।

तलाश हो रही है नए चेहरे की
ये भी कहा जा रहा है कि नॉर्थ ईस्ट से कांग्रेस अपने पुराने उम्मीदवार की सीट बदल भी सकती है, क्योंकि इस सीट से पिछला चुनाव जयप्रकाश अग्रवाल ने लड़ा था। अब अगर ये सीट शत्रुघ्न को जाती है तो फिर जयप्रकाश अग्रवाल को चांदनी चौक शिफ्ट किया जा सकता है।

सूत्रों का कहना है कि सात सीटों में से कांग्रेस की दो सीट ऐसी हैं, जहां पर पिछली बार चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार का दावा नहीं है। ये हैं चांदनी चौक और नॉर्थ वेस्ट सीट। चांदनी चौक से पिछली बार चुनाव लड़े कपिल सिब्बल राज्यसभा से चुने जा चुके हैं, जिससे इस सीट पर कांग्रेस को नया उम्मीदवार चाहिए।

Created On :   22 Jun 2018 5:27 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story