राजधानी एक्सप्रेस में लाखों की चोरी, हिरासत में वेंडर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शनिवार को दिल्ली से बिलासपुर आ रही राजधानी एक्सप्रेस में देर रात दो महिलाओं के हैंडबैग चोरी करने की घटना सामने आई है। महिलाओं के मुताबिक दोनों बैग में करीब सात लाख रुपये के जेवरात और 80 हजार रुपये की नकदी भी थी। महिला ने घटना के तुरंत बाद रायपुर और बिलासपुर जीआरपी में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद प्राइवेट फ़ूड सप्लायर के वेंडर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस वेंडर से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
बता दें कि, लूट का शिकार हुई महिलाएं बिलासपुर और रायपुर की रहने वाली हैं। शनिवार को रुचि शुक्ला (34) अपने बच्चे के साथ एसी बोगी ए-2 बर्थ 39 पर और उसी बोगी के बर्थ 37 पर कुसुम सोमानी सफर कर रही थीं। रूचि नई दिल्ली से रायपुर आ रही थीं उनके साथ चोरी की घटना इटारसी से नागपुर के बीच में हुई। रूचि के बैग में सात लाख रुपये के जेवरात और 80 हजार नकदी थे। वहीं कुसुम के बैग में 10 हजार रुपये और आठ हजार रुपये के जेवरात थे।
रूचि ने वेंडर अभिलाष कुमार पर संदेह जताते हुए कहा है कि, वह उनके बर्थ के पास बार बार घूम रहा था। बताया जा रहा है कि, अभिलाष एक्सप्रेस फ़ूड सर्विस के लिए काम करता है। इस कंपनी ने राजधानी एक्सप्रेस में फ़ूड सप्लाई का ठेका ले रखा है। बताया जा रहा है ट्रेन में आए दिन चोरी कि शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। वहीं ज्यादातर चोरी कि घटनाएं रात में घट रही हैं।
Created On :   24 Sept 2017 8:26 PM IST