CM के प्रोग्राम में महिलाओं की चुनरी उतरवाई, बिना दुपट्टे के लौटीं

women insulted in manohar lal program
CM के प्रोग्राम में महिलाओं की चुनरी उतरवाई, बिना दुपट्टे के लौटीं
CM के प्रोग्राम में महिलाओं की चुनरी उतरवाई, बिना दुपट्टे के लौटीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर एक बार फिर परेशानी में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल रविवार को सीएम खट्टर हरियाणा के भिवानी में एक समारोह में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। लेकिन उनके आने से पहले ही प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाली महिलाओं की चुन्नी उतरवा ली। जिसके बाद तमाम महिलाएं गुस्से में वापस लौट गईं।

गौरतलब है कि शनिवार को भिवानी के भीम स्टेडियम में हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि इस कार्यक्रम के लिए हरियाणा के पंचायती राज मंत्री ओपी धनकड़ ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बुलाया था। समारोह में शामिल होने पहुंची कुछ महिलाओं ने काले कपड़े पहने हुए थे जबकि तमाम काली चुन्नी पहने हुए थीं।

जिन महिलाओं ने काले कपड़े पहने थे उन्हें तो पंडाल के अंदर जाने की इजाजत ही नहीं दी गई। साथ ही जिन महिलाओं ने काली चुन्नी पहनी हुई थी, उनसे कहा गया कि अगर पंडाल के अंदर जाना है तो पहले ही बाहर चुन्नी उतारनी पड़ेगी। इस बात को सुनकर बहुत सारी महिलाएं गुस्से में घर वापस चली गई। हैरानी की बात ये है कि कार्यक्रम के बाद वापसी तमाम महिलाओं की चुन्नी ही नहीं मिली और उन्हें बिना दुप्पटे के वापस घर लौटना पड़ा।

इस घटना की जानकारी मिलने पर विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय चौटाला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "यह महिलाओं का अपमान है। मुख्यमंत्री खट्टर को इस मामले पर जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री को शायद यह पता नहीं है कि महिलाओं का सम्मान कैसे किया जाता है। चुनरी-दुप्पटे को महिलाओं की इज्जत माना जाता है और इन्हें उतराकर इज्जत से खिलवाड़ किया गया है।"

चौटाला ने चेतावनी देते हुए आगे कहा कि इस मामले को लेकर विधानसभा में सीएम से जवाब मांगेंगे। हरियाणा में कोई भी ऐसा वर्ग नहीं छोड़ा जिसे मुख्यमंत्री द्वारा अपमानित नहीं किया गया हो। ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर होने में ज्यादा वक्त नहीं लगता।
 

Created On :   8 Oct 2017 3:19 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story