10वीं बार पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर फहराया तिरंगा, देशवासियों को किया संबोधित- 'देश की तरक्की में महिलाओं का अहम योगदान'

  • पीएम मोदी लाल किला पर फहराया झंडा
  • पीएम मोदी ने देशवासियों को किया संबोधित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10वीं बार लाल किला पर ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर पीएम मोदी ने देशवासियों को लाल किले से संबोधित किया। पीएम ने देश की तरक्की से लेकर विपक्ष, मणिपुर हिंसा, जी-20 और देश में बढ़ती महंगाई जैसे तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखी। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि, आज देश की तरक्की में महिलाओं का विशेष योगदान है। जितना एक पुरुष देश की तरक्की में अपना योगदान दे रहा है उससे कहीं ज्यादा हमारी माता बहनें देश को सार्थक बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा कर रही हैं।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा मेरा दृढ़ विश्वास है कि 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष मनाएगा तो देश एक विकसित भारत होगा। मैं यह बात अपने देश की क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर कहता हूं। लेकिन समय की मांग तीन बुराइयों से लड़ने की है - भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण। उन्होंने आगे कहा, आज परिवारवाद और तुष्टीकरण ने हमारे देश को बर्बाद कर दिया है। किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? उनके लिए उनका जीवन मंत्र है- परिवार की पार्टी, परिवार द्वारा और परिवार के लिए।

वाइब्रेंट गांव का पीएम मोदी ने जिक्र किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, वाइब्रेंट बॉर्डर गांव को देश का आखिरी गांव कहा जाता था। हमने वह मानसिकता बदल दी। वह देश का आखिरी गांव नहीं हैं। आप सीमा पर जो देख सकते हैं वह मेरे देश का पहला गांव है...मुझे खुशी है कि इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि इन सीमावर्ती गांवों के 600 प्रधान हैं। वे यहां लाल किले पर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने आए हैं।

ये नया भारत है नहीं थकता- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाला किले से देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, "25 साल से देश में चर्चा चल रही थी कि नया संसद भवन बनेगा। यह मोदी है जिसने समय के पहले संसद बनाकर रख दिया। यह एक ऐसी सरकार है जो काम करती है, जो निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करती है। ये नया भारत है। यह एक ऐसा भारत है जो आत्मविश्वास से भरा है। ये भारत ना रुकता है, ना थकता है, ना हंफ्ता है और ना ही हारता है।"

G20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कोविड-19 महामारी के बाद एक नई विश्व व्यवस्था, एक नया भू-राजनीतिक समीकरण बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भू-राजनीति की परिभाषा बदल रही है। आज नई विश्व व्यवस्था को आकार देने में 140 करोड़ लोगों की क्षमता देखी जा सकती है। जी -20 का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा आज भारत को G20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। बीते वर्ष में जिस प्रकार भारत के कोने-कोने में G20 के अनेक आयोजन हुए, उससे दुनिया को भारत के सामान्य जन के सामर्थ्य, भारत की विविधता का परिचय हुआ है।

उन्होंने आगे कहा, एक चीज जो देश को आगे ले जाएगी वह है महिला नेतृत्व वाला विकास। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि नागरिक उड्डयन में सबसे ज्यादा पायलट भारत में हैं। चंद्रयान मिशन का नेतृत्व महिला वैज्ञानिक कर रही हैं। जी20 देश भी महिला नेतृत्व वाले विकास के महत्व को पहचान रहे हैं।

हमारी सरकार ने महंगाई पर काबू पाया- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने लाल किले से कहा कि, सरकार अगले महीने पारंपरिक कौशल वाले लोगों के लिए 13,000 से 15,000 करोड़ रुपए के आवंटन के साथ विश्वकर्मा योजना शुरू करेगी। उन्होंने आगे कहा कि, हमने देश में महंगाई पर काबू पाने के लिए कई कदम उठाए हैं और इस दिशा में हमारा प्रयास जारी रहेगा।

आज दुनिया को पांचवा अर्थव्यवस्था वाला देश बना भारत- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने साल 2014 में बनी बीजेपी की सरकार को लेकर कहा, 2014 में जब हम सत्ता में आए तो वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में हम 10वें स्थान पर थे। आज 140 करोड़ भारतीयों के प्रयास से हम वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह ऐसे ही नहीं हुआ जब भ्रष्टाचार के राक्षस ने देश को अपनी गिरफ्त में ले लिया था तब हमने इसे रोका और एक मजबूत अर्थव्यवस्था बनाई।

आज का निर्णय स्वर्णिम इतिहास को जन्म देगा- पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि, पिछले 1000 वर्षों की बात इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मैं देख रहा हूं कि देश के सामने एक बार फिर अवसर है। अभी हम जिस युग में जी रहे हैं इस युग में हम जो करेंगे, जो कदम उठाएंगे और एक के बाद एक जो निर्णय लेंगे, वह स्वर्णिम इतिहास को जन्म देगा। उन्होंने आगे कहा कि, देश में अवसरों की कोई कमी नहीं है। देश में अनंत अवसर प्रदान करने की क्षमता है।

मणिपुर में शांति की खबर - पीएम

लाल किले से 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने मणिपुर का जिक्र कर कहा कि, कुछ दिनों से मणिपुर से लगातार शांति की खबर आ रही है,देश मणिपुर के लोगों के साथ है। समाधान केवल शांति से ही पाया जा सकता है। केंद्र और राज्य सरकार समाधान के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने आगे कहा, आज हमारे पास जन सांख्यिकी, लोकतंत्र और विविधता है - ये तीनों मिलकर देश के सपनों को साकार करने की क्षमता रखते हैं। जनसांख्यिकी, लोकतंत्र और विविधता की त्रिमूर्ति देश के सपनों को साकार करने की शक्ति रखती है।

प्राकृतिक आपदा ने अकल्पनीय संकट पैदा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार प्राकृतिक आपदा ने देश के कई हिस्सों में अकल्पनीय संकट पैदा कर दिया है। मैं इसका सामना करने वाले सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

पूरा देश मेरा परिवार- पीएम मोदी

झंडा रोहण के बाद पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और अब जनसंख्या के मामले में भी अग्रणी देश। इतना बड़ा देश, मेरे परिवार के 140 करोड़ सदस्य आज स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, मैं भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वाले सभी बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

ध्वजारोहण के बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने फूलों की वर्षा की

77वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ध्वजारोहण के बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने फूलों की वर्षा की।

Created On :   15 Aug 2023 2:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story