रिपोर्ट्स में दावा: रायबरेली से चुनावी डेब्यू करेंगी प्रियंका गांधी, अमेठी और वायनाड सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे राहुल

रायबरेली से चुनावी डेब्यू करेंगी प्रियंका गांधी, अमेठी और वायनाड सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे राहुल
  • राहुल और प्रियंका गांधी की इन सीटों पर चर्चा
  • रायबरेली से चुनावी डेब्यू कर सकती हैं प्रियंका
  • दो सीटों से चुनावी मैदान में उतरेंगे राहुल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रायबरेली सीट से दशकों तक सांसद रहने वाली सोनिया गांधी ने इस बार राज्यसभा का रूख कर लिया है। जिसके बाद इस सीट से प्रियंका गांधी के चुनावी मैदान में डेब्यू करने की चर्चा कई बार हुई। इन खबरों को अबतक अटकलें ही माना जाती थी लेकिन, हाल ही में इंडिया टीवी ने सूत्रों के हवाले से इन अटकलों पर मुहर लगाई है। रिपोर्ट की मानें तो आगामी लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली यूपी के रायबरेली सीट से उम्मीदवार होंगी। इसके अलावा रिपोर्ट में राहुल गांधी को लेकर भी दावा किया गया है। हालांकि, कांग्रेस की तरफ से अब तक इन सीटों को लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। चर्चा है कि भाजपा के बाद कांग्रेस भी बहुत जल्द उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।

दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे राहुल

रिपोर्ट के मुताबिक, एक तरफ प्रियंका गांधी रायबरेली सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगी तो वहीं राहुल गांधी दो सीटों पर उम्मीदवार होंगे। राहुल फिलहाल केरल के वायनाड लोकसभा सीट से सांसद है और रिपोर्ट के मुताबिक 2024 के लोकसभा चुनाव में भी वह इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के अमेठी लोकसभा सीट से भी चुनावी मैदान में उतरेंगे। उम्मीदवारों की पहली सूची में भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को एक बार फिर अमेठी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर पिछली बार भी राहुल गांधी का सामना स्मृति ईरानी से हुआ था और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था जबकि, पारंपरिक रूप से यह कांग्रेस के सबसे मजबूत इलाकों में से एक है।

राहुल गांधी ने अपनी चुनावी यात्रा की शुरूआत अमेठी लोकसभा सीट से ही की थी। इसके बाद 2009 और 2014 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने अमेठी से जीत का स्वाद चखा था। हालांकि, 2018 के आम चुनाव में पासा पूरी तरह पलट गया। भाजपा की तरफ से अमेठी सीट से उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को पिछले लोकसभा में करारी शिकस्त दी थी। करीब 50 हजार वोटों से स्मृति ईरानी ने राहुल के खिलाफ अमेठी से जीत हासिल कर चर्चा का विषय बन गई थीं।

रायबरेली से प्रियंका गांधी

सोनिया गांधी 2004 से लगातार अमेठी से लोकसभा सांसद रही हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने लोकसभा से एग्जिट लेकर राज्यसभा का रूख किया है। राज्यसभा चुनाव में हिस्सा लेने की घोषणा करने के बाद सोनिया ने रायबरेली की जनता के लिए एक इमोशनल लेटर लिखा था। इस लेटर में सोनिया ने इस सीट से गांधी परिवार के ही किसी सदस्य को उम्मीदवार बनाने का संकेत भी दिया था। ऐसे में अगर प्रियंका गांधी के नाम की घोषणा रायबरेली सीट के उम्मीदवार के तौर पर होती है तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।

Created On :   6 March 2024 11:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story