बीटिंग रिट्रीट समारोह: आज विजय चौक बनेगा भारतीय धुनों का साक्षी

आज विजय चौक बनेगा भारतीय धुनों का साक्षी
  • रायसीना पहाड़ियों में स्थित ऐतिहासिक विजय चौक
  • गणतंत्र दिवस समारोह के समापन का प्रतीक
  • समारोह में राष्ट्रपति, पीएम, रक्षा मंत्री रहेंगे मौजूद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रायसीना पहाड़ियों में स्थित ऐतिहासिक विजय चौक आज सोमवार 29 जनवरी को भारतीय धुनों का साक्षी बनेगा। गणतंत्र दिवस समारोह के समापन के प्रतीक के तौर पर मनाए जाने वाले इस कार्यक्रम को ‘बीटिंग रिट्रीट’ कहा जाता है। समारोह में देश की तीनों सेना थल सेना, नौसेना, वायुसेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के संगीत बैंड 31 मनमोहक और थिरकने वाली भारतीय धुनें बजाएंगे। बीटिंग रिट्रीट समारोह की शुरुआत शंखनाद धुन के साथ होगी। वहीं समापन लोकप्रिय धुन सारे जहां से अच्छा के साथ होगा।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा आम लोग मौजूद रहेंगे।

समारोह की शुरुआत शंखनाद धुन के साथ होगी। इसके बाद पाइप्स और ड्रम बैंड के माध्यम से वीर भारत, संगम दूर, देशों का सरताज भारत, भागीरथी और अर्जुन जैसी मनमोहक धुनें प्रस्तुत की जाएंगी। सूबेदार मेजर राजेंद्र के निर्देश के मुताबिक पाइप्स तथा ड्रम बैंड पर प्रस्तुति दी जाएगी। सीएपीएफ बैंड भारत के जवान और विजय भारत का संगीत बजाएंगे। बीटिंग रिट्रीट कार्यक्रम का समापन लोकप्रिय धुन सारे जहां से अच्छा के साथ होगा।

मिली जानकारी के मुताबिक समारोह का संचालन मुख्य संचालक लेफ्टिनेंट कर्नल विमल जोशी करेंगे। इसके अलावा आर्मी बैंड के संचालक सूबेदार मेजर मोती लाल होंगे। एमसीपीओ एमयूएस द्वितीय एम एंटनी और वारंट ऑफिसर अशोक क्रमशः नौसेना तथा वायुसेना के संचालक होंगे। कांस्टेबल जीडी रानीदेवी सीएपीएफ बैंड की संचालिका होंगी। बिगुल बजाने वाले सैन्य कलाकार नायब सूबेदार उमेश के नेतृत्व में प्रदर्शन करेंगे।

Created On :   29 Jan 2024 3:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story