Uttarakhand News: कांवड़ यात्रा में अफवाह फैलाना पड़ा भारी, हरिद्वार पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

कांवड़ यात्रा में अफवाह फैलाना पड़ा भारी, हरिद्वार पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
सावन के पावन महीने में उत्तराखंड के हरिद्वार से निकलने वाली कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सावन के पावन महीने में उत्तराखंड के हरिद्वार से निकलने वाली कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है। अब तक 75 लाख से ज्यादा शिवभक्त गंगा जल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

हर साल की तरह इस बार भी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इसी बीच यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। माहौल खराब करने और अफवाहें फैलाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई

यात्रा के दौरान कुछ स्थानों पर कांवड़ियों और स्थानीय लोगों के बीच मामूली विवाद की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और गलत सूचनाएं साझा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी की गई। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने दिया सख्त संदेश

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और भगवान शिव की भक्ति का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन में किसी भी तरह की अराजकता, हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

संतों ने भी की संयम बरतने की अपील

यात्रा के दौरान सामने आ रही छिटपुट घटनाओं को देखते हुए हरिद्वार के संत-महात्माओं ने श्रद्धालुओं से धैर्य, अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भक्ति और सेवा है, इसलिए सभी शिवभक्त शांति और सद्भाव बनाए रखते हुए अपनी यात्रा पूरी करें।

वहीं, जिला प्रशासन और पुलिस ने भी कांवड़ियों तथा स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों को विवाद का रूप देने से बचें और आपसी भाईचारे के साथ यात्रा को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Created On :   3 Aug 2026 1:52 AM IST

Tags

Next Story