Punjab Student Protest: लवली यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प, कई घायल, गाड़ियों और संपत्ति को हुआ नुकसान

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के बाहर स्टूडेंट्स प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इनमें पुलिस की गाड़ियां भी शामिल बताई जा रही हैं, जिन्हें नुकसान होने की जानकारी मिली है। इस मामले में पुलिस के बड़े अधिकारी ने एक बयान जारी किया है।
यह भी पढ़े -पंजाब की एक और प्राइवेट यूनिवर्सिटी में 'अफवाहों' को लेकर हंगामा, छात्रों ने जाम किया हाईवे
पुलिस अधिकारी ने घटना पर क्या कहा?
जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क ने एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि पुलिस की गाड़ियों को नुकसान हुआ है। वहीं, रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि विरोध-प्रदर्शन के बीच LPU के बाहर पत्थरबाजी की घटना हुई है। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस की तरफ पत्थर फेंके, जबकि उनकी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भी नुकसान होने की खबर है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जारी किया बयान
दूसरी तरफ, यूनिवर्सिटी के डीन सौरव लखनपाल ने मामले में कहा, "जब छात्रों ने यह मामला हमारे ध्यान में लाया, तो हमने तय किया कि इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। हालांकि, जब हमने मामले की गहराई से जांच की, तो हमें लगा कि यह पूरी तरह से अफवाहों पर आधारित है।" उन्होंने आगे बताया, "हमने छात्रों की हर मांग पूरी की। जैसे कि वे CCTV फुटेज देखना चाहते थे। कुछ दिनों बाद उन्हें फुटेज दिखाया गया और वे उस खास कमरे को भी देखना चाहते थे, जिसके बारे में वे बात कर रहे थे। हमें छात्र के नाम या हॉस्टल की जानकारी के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।"
यह भी पढ़े -नशे के मुद्दे को लेकर सीएम पुष्कर धामी का 'आप' सरकार पर निशाना, बोले- हम बनाएंगे ‘उभरता पंजाब’
शिकायत को लेकर क्या बोले?
सौरव लखनपाल ने आगे बताया, "हम उनसे औपचारिक शिकायत दर्ज करने के लिए कहते रहे। फिर भी हमने उन्हें वह कमरा दिखाया, जिसे वे देखना चाहते थे और उन्हें बार-बार पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इसमें यूनिवर्सिटी प्रशासन, पुलिस और वार्डन शामिल थे। इन्होंने जरूरी कार्रवाई करने के लिए अपनी तत्परता भी जताई।" साथ ही बताया, "हमें एहसास हो रहा है कि यह पूरी स्थिति अफवाहों से भड़की है। छात्रों को वास्तव में यह समझने की जरूरत है। मेरा मानना है कि इसमें असामाजिक तत्व शामिल हैं। हमें उनकी तरफ से किसी साजिश का पक्का शक है। बाहर से आए असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की और छात्रों द्वारा बनाए रखे गए शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की।"
Created On :   27 Sept 2026 10:45 PM IST










