मौसम अपडेट: पहाड़ी इलाकों में ठंड से हाल बेहाल, दिल्ली में पड़ रही कड़ाके की सर्दी, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

पहाड़ी इलाकों में ठंड से हाल बेहाल, दिल्ली में पड़ रही कड़ाके की सर्दी, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम
देश में लगातार ठंड बढ़ रही है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी इलाके तक लोगों में ठिठुरन बढ़ रही है। जानें आपके शहर का मौसम कैसा रहने वाला है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर के अधिकांश राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। देश के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। कश्मीर घाटी में ठंड का भारी प्रकोप नजर आ रहा है और बर्फीली हवाएं चल रही है। जिससे पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी इलाकों का भी तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीनगर का तापमान -3.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। वहीं, बांदोपीरा का तापमान -4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं, दिल्ली से लेकर उत्तर भारत के अन्य राज्यों में लगातार तापमान गिर रहा है और ठंड बढ़ रही है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली के मौसम के बारे में जानें तो, यहां पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही दिल्लीवासी लगातार बढ़ते हुए प्रदूषण के चलते भी परेशान हैं। दिल्ली का एक्यूआई लगातार तीन हफ्तों से खराब श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 396 दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही रह सकती है।

यूपी में पड़ रही कड़ाके की ठंड

यूपी में लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है। रात के वक्त और सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लेकिन दिन में अभी धूप खिल रही है, जिसके चलते दिन में ठिठुरन कम हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और ठंड भी बढ़ने की पूरी संभावना है।

बिहार में कैसा रहने वाला है मौसम?

बिहार में सर्दी की शुरुआत हो गई है और कोहरा भी पड़ रहा है। साथ ही वायु प्रदूषण में भी खतरनाक स्तर पर बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग की तरफ से चेतावनी जारी की गई है और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।

Created On :   25 Nov 2025 12:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story