मौसम अपडेट: समुद्र में उठेगा तूफान, जमीन पर बरसेगी आफत! MP-बिहार सहित 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में मौसम तेजी से बदल रहा है। यहां बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 12 से 18 घंटे में यह चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके चलते देश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने वाला है। IMD ने 20 राज्यों में बारिश की चेतावनी दी है। कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। वहीं, कई इलाकों में 40 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़े -5,923 फर्जी शादियां, 30 करोड़ की सरकारी रकम, ED ने पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के साले पर की कार्रवाई
20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश और ओले गिरने की भी आशंका है। इस बीच मछुआरों को 1 से 4 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के समुद्री इलाकों में जाने से मना किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
बता दें कि, उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कई जगह बारिश हो रही थी। इसकी वजह से सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, अब मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 1 नवंबर को यूपी में बारिश की संभावना नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। ऐसे में लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है।
बिहार में दो दिन हल्की बारिश के आसार
इसके अलावा बिहार में भी मौसम बदल रहा है। यहां बारिश के बाद अब ठंड का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग ने 1 और 2 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, राज्य में कहीं भी तेज बारिश को लेकर चेतावनी नहीं दी गई है। यानी लोगों को भारी बारिश से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है।
Created On :  

