Maharashtra Politics: क्या उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे आएंगे साथ? सीएम फडणवीस ने दी प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के साथ आने के चर्चाओं पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया है। शनिवार को पुणे में मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे 'बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना' बनने में कोई रूचि नहीं है।
सीएम फडणवीस ने कहा, "दो दल हैं। दो भाई है। ये डिसाइड करना उनका काम है कि उन्हें क्या कदम उठाने हैं। जब वो अपना फैसला ले लेंगे तब हम उस पर प्रतिक्रिया देंगे। तब तक मीडिया को अटकलों का पतंगबाजी करने दें। मैं इस पर क्यों रिएक्ट करूं?"
मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा- सीएम फडणवीस
सीएम ने आगे कहा, "एक बात मैं स्पष्ट रूप से देख सकता हूं, हालांकि हम नहीं जानते कि उनके बीच कितनी वास्तविक बातचीत हो रही है, लेकिन मीडिया में निश्चित रूप से बहुत सारी बातें हो रही हैं। इसलिए अभी के लिए, मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा।"
साल 2006 में दोनों भाई हुए थे अलग
शिवसेना-यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के साथ आने की खबरें तेज हैं। शुक्रवार (6 जून) को उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारे और उनके (MNS) के मन में कोई भ्रम नहीं है। जो महाराष्ट्र के लोगों के दिलों में है, वो होगा। इसके एक दिन बाद शनिवार को उद्धव ठाकरे की पार्टी के मुखपत्र सामना के फ्रंट पेज पर दोनों भाइयों की पुरानी तस्वीर छापी गई।
महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव का ऐलान होने वाला है। ऐसे में उद्धव ठाकरे और सामना के फ्रंट पेज की फोटो ने महाराष्ट्र की सियासत को नई दिशा देने का काम किया है। माना जा रहा है कि दोनों भाई जल्द साथ आ सकते हैं। साल 2006 में राज ठाकरे अविभाजित शिवसेना से अलग होकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना बनाई थी। इसके बाद दोनों भाई के बीच राजनीतिक मतभेद देखने को मिले थे।
Created On :   7 Jun 2025 11:02 PM IST














