राष्ट्रमंडल खेल-2022 को लेकर आईओए, खेल मंत्री की बैठक शुक्रवार को

IOA, Sports Minister meeting on Friday for Commonwealth Games-2022
राष्ट्रमंडल खेल-2022 को लेकर आईओए, खेल मंत्री की बैठक शुक्रवार को
राष्ट्रमंडल खेल-2022 को लेकर आईओए, खेल मंत्री की बैठक शुक्रवार को

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) शुक्रवार को केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू के साथ एक अहम बैठक करने जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से 2022 में बर्मिघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार को लेकर चर्चा होगी।

खेल मंत्री रिजिजू की ओर से यह बैठक बुलाया गई है। इसमें 2017 के स्पोर्ट्स ड्राफ्ट कोड पर भी चर्चा होने की संभावना है।

आईओए के महासचिव राजीव मेहता के मुताबिक बैठक में ड्राफ्ट स्पोर्ट्स कोड के अलावा शूटिंग को बाहर किए जाने के विरोधस्वरूप बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों से सम्पूर्ण बहिष्कार को लेकर खेल मंत्री के साथ चर्चा की जाएगी।

रिजिजू ने इस बैठक में शामिल होने के लिए सभी खेल संघों को बुलाया है।

मेहता ने गुरुवार को यहां एक कार्यक्रम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, इस पर कल (शुक्रवार को) खेल मंत्री के साथ हमारी एक बैठक होने वाली है, जिसमें हम इस मामले पर चर्चा करेंगे। बैठक के बाद ही आगे की चीजें स्पष्ट हो पाएंगी।

आईओए के अध्यक्ष नरेंदर बत्रा ने बीते महीने बेंगलुरू में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि अगर निशानेबाजी को 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल नहीं किया जाता है तो भारत हमेशा के लिए इन खेलों का बहिष्कार करने के बारे में सोच सकता है क्योंकि इन खेलों का वैश्विक स्तर पर वैसे भी कोई औचित्य नहीं रह गया है और ये औपनिवेशिक काल की याद दिलाते हैं।

दरअसल, बर्मिघम में 2022 में होने वाले खेलों में से निशानेबाजी को हटा दिया गया है, जिसके खिलाफ भारत मुखर रूप से लड़ाई लड़ रहा है। बत्रा ने कई बार इस फैसले का विरोध किया है और कहा है कि निशानेबाजी को अगर शामिल नहीं किया जाता है तो भारत को बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों का बहिष्कार करने पर विचार कर सकता है।

Created On :   10 Oct 2019 1:00 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story