Election: झारखंड में बोले PM मोदी- अपने मतलब के लिए गठबंधन करती है कांग्रेस

Election: झारखंड में बोले PM मोदी- अपने मतलब के लिए गठबंधन करती है कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड विधानसभा के तीसरे चरण में मतदान से पहले चुनाव प्रचार के लिए बरही पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस की सच्चाई को झारखंड के लोगों को भी याद रखना है। कांग्रेस कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। ये अपने मतलब के लिए गठबंधन और जनादेश का उपयोग करती है। फिर अपने हित के लिए अपने सहयोगियों को कठपुतली की तरह उपयोग करती है। 

कर्नाटक के परिणामों को याद रखना जरूरी है। देश में उठापटक की राजनीति करने वाले नेताओं को ये मजबूत संदेश है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों के एक-एक उम्मीदवार को झारखंड में भी हराना जरूरी है। ये कांग्रेस ही है जिसने भगवान राम की जन्मभूमि को लेकर चल रहे विवाद को अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए दशकों तक लटकाए रखा। ये फैसला भी तब आया जब आपने दिल्ली में भाजपा की मजबूत सरकार बनाई। 

 

बरही में जनसभा को संबोधित पीएम मोदी ने कहा, इस धरती ने भगवान बिरसा मुंडा से लेकर जय प्रकाश नारायण और अटल बिहारी वाजपेयी सहित अनेक राष्ट्र नायकों की तपस्या को बल दिया है।  हजारीबाग के ही बाबू रामनारायण सिंह उन गिने चुने लोगों में से एक थे जिन्हें कांग्रेस का छल-कपट आजादी के समय ही पता चल गया था कि अब कांग्रेस किस दिशा में जा रही है। वो उन शुरुआती लोगों में थे, जिन्होंने कांग्रेस की वोट बैंक की पॉलिटिक्स पर, राजनीति के लिए राष्ट्रनीति को दांव पर लगाने के तौर-तरीकों पर सवाल उठाए थे। 6 -7 दशक पहले ही हजारीबाग के इस सपूत ने साफ कह दिया था कि कांग्रेस भारत में भ्रष्टाचार के दलदल को जन्म देने वाली है। उन जैसे दूरदर्शी व्यक्ति की हर बात सही होते आज हम देख रहें हैं। 

पीएम मोदी ने कहा, आज इतना बड़ा विशाल जनसागर, झारखंड की जनता के मिजाज के दर्शन करा रहा है। यहां के लोगों के दिल में विकास के प्रति कितना विश्वास है, ये आज मैं इस विशाल जनसागर में देख रहा हूं। मैं झारखंड में जहां भी जा रहा हूं, वहां कि सभा, पुरानी सभी सभाओं के रिकॉर्ड तोड़ रही है। उन्होंने कहा- जनता ने चुनाव में भाजपा को सरकार बनाने के लिए मैंडेट दिया था, लेकिन कांग्रेस ने पर्दे के पीछे से खेल करके भाजपा को सरकार बनाने नहीं दी थी। लेकिन आज जनता ने उन्हें सजा दी है, ज्यादातर सीटों पर भाजपा जीत हासिल कर रही है या तेजी से आगे बढ़ रही है। 

पीएम मोदी ने कहा, मैं स्थिरता और विकास के लिए भाजपा पर एक बार फिर विश्वास जताने के लिए कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस और उसके साथियों की सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और विकास के साथ लापरवाही देखी थी। इसलिए उन्होंने भाजपा को वोट दिया है। कर्नाटक के लोगों ने ये सुनिश्चित कर दिया है कि कांग्रेस या जेडीएस वहां के लोगों से साथ विश्वासघात नहीं कर पाएंगे। ये देश के तमाम राज्यों के लिए संदेश है कि कोई जनादेश के खिलाफ जाएगा, जनता को धोखा देगा, तो पहला मौका मिलते ही जनता उसे पूरी सजा देगी। 

पीएम मोदी ने कहा,अगर त्रिशंकु परिणाम आता है तो कर्नाटक की तरह तबाह करने वाले मैदान में आ जाते हैं। हम तय करें कि हम झारखंड को बर्बाद नहीं होने देंगे। हम कमल के फूल पर बटन दबाकर झारखंड को फिर एक बार मजबूती देंगे। 

पीएम मोदी ने कहा, दशकों तक देश में ये मांग उठती रही कि झारखंड और देश के करोड़ों OBC परिवारों के हितों की सुरक्षा के लिए OBC कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने पिछड़ों के हितों को बचाने वाला ये काम न तो किया और न होने दिया। ये काम भी तब हुआ, जब आपने दिल्ली में मोदी की सरकार बनाई। सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को आरक्षण देने की मांग के लिए दशकों से आंदोलन चल रहा था। हमारी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10% आरक्षण देने का काम किया। 

पीएम मोदी ने कहा, जब भाजपा की सरकार होती है, चाहे वो दिल्ली में हो या झारखंड में, आपकी सेवा के लिए ईमानदारी से काम करती है। देश के आदिवासियों की जिंदगी, पिछड़ों की जिंदगी और बेहतर हो, उनकी मुश्किलें कम हो, इसके लिए हम दिन रात मेहनत करते हैं। 2014 से पहले 8-9 साल में आदिवासियों को जमीन के सिर्फ 19 हजार पट्टे ही मिल पाए थे। जबकि भाजपा ने बीते 5 वर्ष में 60 हजार से अधिक जनजातीय परिवारों को जमीन के पट्टे दिला दिए।

पीएम मोदी ने कहा,राजनीति में कांग्रेस ने हमेशा दो काम प्राथमिक रूप से किए हैं। एक - लूट का खेल। खुद भी लूटो, औरों को भी लूटने दो। दूसरा - लटकाने का। ये अगर नहीं लूट सके, तो उसे लटका देते हैं। कांग्रेस और उसके साथियों को सिर्फ सत्ता का लोभ है। इसलिए उनके पास बड़े और कड़े फैसले लेने का ना तो साहस है, ना ही संवेदनशीलता है। जबकि भाजपा के लिए राष्ट्रहित सबसे ऊपर है और सत्ता हमारे लिए सेवा का माध्यम है। यही कारण है कि बीते 5 वर्षों में अभूतपूर्व काम हुए हैं। 

पीएम मोदी ने कहा, जिस झारखंड को कांग्रेस और उसके साथियों की उपेक्षा और गलत नीतियों ने नक्सलवाद की तरफ धकेला, उसको भाजपा ने आज शांति और विकास की तरफ अग्रसर किया है। कांग्रेस और उसके साथियों ने मिलकर देश के करोड़ों गरीबों को धोखा दिया और भाजपा उन्हीं गरीबों की सेवा के लिए दिन रात काम कर रही है। 

पीएम मोदी ने कहा, झारखंड का विकास कांग्रेस और उसके साथियों के लिए कोई मायने नहीं रखता था। सरकार की तरफ से जो पैसा आता था, उस पर भी ये खेल कर जाते थे। जो राज्य प्राकृतिक संसाधनों के हिसाब से संपन्न हो, उसे इन राजनीतिक दलों ने कभी ऊपर नहीं उठने दिया। यही इसकी सोच है। 

पीएम मोदी ने कहा,  ऐसे अनेक काम जो आज भाजपा की सरकारें कर रही हैं, ये पहले भी हो सकते थे। पहले होते तो आज यहां उद्योग के लिए, रोज़गार के लिए और ज्यादा बेहतरीन माहौल मिलता। लेकिन कांग्रेस-RJD और JMM जैसे दलों की नीयत में खोट था, इसलिए नीतियां भी खोटी बनाई गईं। दिल्ली और रांची में भाजपा की सरकारों ने झारखंड के विकास के लिए एक ईमानदार प्रयास किया है। भाजपा ने ही इस क्षेत्र को रेलवे के नक़्शे पर मजबूत किया है।

पीएम मोदी ने कहा, ये लोग दलितों, गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों को भाजपा के नाम पर दशकों से डराते रहे हैं। लेकिन 5 वर्ष से दिल्ली और झारखंड में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार रही है और 2019 में आपने केंद्र में भाजपा को पहले से भी अधिक ताकत दी है। वो इसलिए क्योंकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास चाहती है। 

पीएम मोदी ने कहा,  भाजपा सरकार का संकल्प है कि हर गरीब के घर खाना गैस पर बने, इसलिए झारखंड में 2 सिलेंडर मुफ्त में मिले हैं। ये भाजपा की ही सरकार है, जिसके कारण झारखंड में सालों से लटकी पानी की योजनाएं फिर से शुरु हुई हैं। अब भाजपा सरकार का संकल्प है कि 2024 तक देश के हर घर तक पीने का पानी पहुंचे। 

पीएम मोदी ने कहा,  एक तरफ आयुष्मान भारत के माध्यम से गरीब से गरीब परिवार को आज 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। वहीं दूसरी तरफ देशभर के 50 करोड़ से अधिक पशुओं के मुफ्त टीकाकरण का अभियान भी शुरू हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा, झारखंड को एक और Sector के लिए हम तैयार कर रहे हैं, वो है Tourism. यहां पकट्टा भी है, झुमरी तलैया भी है, जंगल भी हैं और झरने भी हैं। अब यहां सड़कें भी बन रही हैं। ऐसे में पर्यटकों को झारखंड लाने के लिए भाजपा हर संभव प्रयास करने वाली है। इससे यहां के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। 

पीएम मोदी ने कहा, आज पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और दुबई में भारत की जय जयकार हो रही है। ये मोदी के कारण नहीं अपितु आप 130 करोड़ देशवासियों के कारण हो रहा है। 

प्रधानमंत्री का यह झारखंड में तीसरा चुनावी दौरा है। इससे पूर्व पहले चरण में उन्होंने पलामू और गुमला तथा दूसरे चरण में खूंटी व जमशेदपुर में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा की थी। प्रधानमंत्री का अगला दौरा 12 दिसंबर को प्रस्तावित है। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बरही के बाद बोकारो में दोपहर 1.20 बजे पुस्कालय मैदान, सेक्टर-5 बोकारो में दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे। 

 

 

Created On :   9 Dec 2019 4:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story