झारखंड: राहुल गांधी ने कहा- भाजपा ने आदिवासियों के साथ धोखा किया है

झारखंड: राहुल गांधी ने कहा- भाजपा ने आदिवासियों के साथ धोखा किया है

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड के चुनावी रण में कांग्रेस के दिग्गज नेता वायनाड सांसद राहुल गांधी आज बड़कागांव में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा- आज, हमारे देश में महिलाएं बिना किसी डर के बाहर कदम नहीं रख सकती हैं। केसी रक्षा कर रहे हो, प्रधानमंत्री जी?। राहुल ने कहा कि, भाजपा ने आदिवासियों के साथ धोखा किया है। उनकी जमीन को उद्योगपतियों को बेच दिया। गठबंधन सरकार बनते ही आपकी जमीन आपको वापस की जायेगी और उचित मुआवजा दिया जाएगा।

राहुल ने कहा- हमने छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही टाटा कम्पनी से जमीन वापस लेकर किसानों को दे दी। हिंदुस्तान में ऐसा कभी भाजपा की सरकार ने नहीं किया, ये हमने करके दिखाया है। झारखंड में गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों को धान का मूल्य ₹2500 मिलेगा और किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। 

राहुल ने कहा- हमारी सरकार बनते ही किसान की जमीन बिना पंचायत की अनुमति के नहीं ली जाएगी। जो भूमि अधिग्रहण बिल हम मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में लाए हैं, वही झारखंड को भी देंगे। सरकार बनते ही हम झारखंड के युवाओं के लिए रिक्त पड़ी सरकारी नौकरियों को भरेंगे और रोजगार देंगे 

राहुल ने कहा- गठबंधन की सरकार आपके जल-जंगल-जमीन की रक्षा करेगी। झारखंड में 10-15 उद्योगपतियों की सरकार नहीं चलेगी, बल्कि गरीबों, मजदूरों, आदिवासियों, युवाओं की सरकार चलेगी। हमारे समय में अर्थव्यवस्था की गति तेज थी, क्योंकि हम सबको साथ लेकर चलने में यकीन रखते हैं। जबकि, भाजपा के नेता नफरत फैलाते हैं; लोगों को बांटते हैं और इससे देश को नुकसान हो रहा है। 

राहुल ने कहा- उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक विधायक ने बलात्कार किया। उस बेटी का एक्सीडेंट तक करवा दिया, लेकिन मोदी ने एक शब्द तक नहीं बोला। ये लोग ऐसे कर रहे हैं महिलाओं की रक्षा। गरीब और किसान के बिना ये देश नहीं चल सकता। ये 15-20 उद्योगपति देश को नहीं चला सकते। 

राहुल ने कहा- उद्योगपतियों की भी इस देश में जगह होनी चाहिए। मगर हमारा सवाल यही है कि उनका लाखों-करोड़ का कर्ज माफ हो सकता है, तो किसान का भी होना चाहिए। हम दो हिंदुस्तान नहीं बनने देंगे। अगर किसान, गरीब, आदिवासी अपनी आवाज़ उठाते हैं, तो उनको गोली मार दी जाती है। इससे प्रगति नहीं होगी। 

राहुल गांधी ने मेक इन इंडिया पर तंज कसते हुए कहा कि, एक के बाद एक फैक्‍ट्री बंद हो रही है। बेरोजगार युवा एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश भागता रहता है, लेकिन उसे रोजगार नहीं मिलता। लोकसभा में हमने न्‍याय योजना का वादा किया था, लेकिन मोदी जी चुनाव जीत गए हम इसे ला नहीं पाए। झारखंड गरीब नहीं है, यहां के लाेग गरीब नहीं हैं। जो सरकार यहां बनेगी वह आपके धन जल-जंगल-जमीन आपको वापस कर देंगे।

राहुल ने कहा कि पूरे देश में नफरत का माहौल है। बीजेपी के लोग लोगों को दबाते हैं, मारते हैं। यह दिख रहा है कि नफरत जितनी फैलेगी, उतनी बेरोजगारी बढ़ेगी। भारत की अर्थव्‍यवस्‍था को इन्‍होंने गड्ढे में धकेल दिया है। आज दुनिया कहती है कि हिंदुस्‍तान दुष्‍कर्म का कैपिटल बन गया है। महिला के बलात्‍कार पर नरेंद्र मोदी ने एक शब्‍द नहीं कहा। लड़की का एक्‍सीडेंट करा दिया, मोदी ने एक शब्‍द नहीं कहा। मोदी दिनभर कहते हैं कि मैं महिलाओं की रक्षा कर रहा हूं, कैसी रक्षा कर रहे हैं आप। यह है इनकी सच्‍चाई।

राहुल गांधी ने कहा कि टीवी पर आपका कंट्रोल है, आप जितनी मर्जी उतनी बार चेहरा दिखाओ। देश को उद्योगपतियों की जरूरत है। लेकिन उनका साढ़े तीन लाख करोड़ माफ हो सकता है, तो गरीबों का कर्ज क्‍यों माफ नहीं हो सकता। हमें दो हिंदुस्‍तान नहीं चाहिए। कभी आपने सुना कि जिन छह किसानों को जमीन छिनने पर गोली मारी गई, उस तरह किसी उद्योगपत‍ि को कभी गोली मारी गई क्‍या।

राहुल गांधी ने कहा कि, आप गठबंधन को समर्थन दीजिए। किसानों का कर्ज माफ होगा, 27 फीसद आरक्षण लागू करूंगा, यही वादा करता हूं। जो सरकारी कर्मी हैं, जिनका पेंशन छिना गया है। आंगनबाड़ी बहनों की भी हम पूरी मदद करेंगे। जय हिंद।

राहुल गांधी की बड़कागांव के बाद दूसरी सभा 2.45 बजे से रांची स्थित बीआईटी मेसरा में होगी। इस दौरान राहुल कांके और खिजरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। इन तीनों विधानसभा सीटों पर तीसरे चरण के तहत 12 दिसंबर को मतदान होना है। इससे पहले राहुल गांधी ने 3 दिसंबर को सिमडेगा में चुनावी सभा की थी।

राहुल गांधी जिस बड़कागांव सीट पर प्रचार किया है वहां त्रिकोणीय मुकाबला होगा। राहुल के झारखंड दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं में उत्साह है। राहुल गांधी बड़कागांव और खिजरी में जनता को संबाेधित करेंगे। इस बार कांग्रेस, झामुमो और राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बड़कागांव विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद, भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक लोकनाथ महतो और आजसू पार्टी से झारखंड के पूर्व मंत्री रहे चंद्रप्रकाश चौधरी के भाई रोशनलाल चौधरी भी मैदान में हैं। यहां मुकाबला त्रिकोणीय है। 

खिजरी विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश कच्छप और भाजपा के राम कुमार पाहन के बीच कांटे की टक्कर है। 2014 के विधानसभा चुनाव में यहां भाजपा के राम कुमार पाहन ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुंदरी देवी को 64,912 मतों से पराजित किया था। वहीं, कांके विधानसभा सीट पर भी भाजपा प्रत्याशी समरी लाल और कांग्रेस के सुरेश कुमार बैठा के बीच सीधा मुकाबला है। यहां 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. जीतू चरण राम ने कांग्रेस के सुरेश कुमार बैठा को 59,804 मतों से पराजित किया था।

Created On :   9 Dec 2019 3:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story