देवों के देव महादेव अब बनेंगे बाबा रामदेव, लुक हुआ वायरल

देवों के देव महादेव अब बनेंगे बाबा रामदेव, लुक हुआ वायरल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड में इन दिनों बायोपिक फिल्मों का दौर चल पड़ा है। देश की बड़ी-बड़ी हस्तियों के जीवन पर फिल्में बनाई जा रही हैं। इसी क्रम में योग गुरू बाबा रामदेव पर भी एक बायोपिक आने वाली है। इस फिल्म में बाबा रामदेव की भूमिका निभाने के लिए ‘महादेव’ के रोल से मशहूर हुए टीवी एक्टर मोहित रैना को कास्ट किया गया है। मोहित रैना का बाबा रामदेव वाला लुक भी वायरल हुआ है। इस किरदार के लिए वह अपना लुक पूरी तरह चेंज कर रहे हैं। 

इंस्टाग्राम पर मोहित ने अपने न्यू लुक की तस्वीरें भी शेयर की हैं। हमेशा क्लीन शेव लुक में दिखने वाले मोहित रैना ने इन दिनों दाढ़ी बढ़ा ली है। उनके इस लुक को उनके फैंस काफी पसंद भी कर रहे हैं। मोहित को उनके फैंस ‘देवों के देव-महादेव’ में निभाए गए भगवान शिव के किरदार के लिए याद करते हैं। वह आखिरी बार ‘चक्रवर्ती अशोक सम्राट’ नाम के सीरियल में नजर आए थे। इसमें वह सम्राट अशोक की भूमिका में थे।   फिलहाल मोहित रैना लंबे समय से पर्दे से दूर हैं। 

खास बात यह है कि बाबा रामदेव की यह बायोपिक बड़े पर्दे की जगह छोटे पर्दे पर दिखाई जाएगी। इस बायोपिक को डिस्‍कवरी के चैनल पर द‍िखाया जाएगा, जिसका नाम होगा ‘स्‍वामी बाबा रामदेव : द अनटोल्‍ड स्‍टोरी’। बता दें इस बायोपिक को 65 एपिसोड की सीरीज में प्रसारित किया जाएगा।

 जानकारी के अनुसार, बायोप‍िक में बाबा रामदेव अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर तक पहचान बनाने और फिर बिजनेस किंग बनने की कहानी दिखाई जाएगी। इस सीरीज का निर्माण ‘अशोका’ शो बनाने वाला बैनर क्वांटिलो एंटरटेनमेंट कर रहा है।   

हाल ही में मोहित रैना अपनी प्रेमिका के कारण भी सुर्खियों में रहे हैं। टीवी सीरियल ‘नागिन’ से मशहूर हुईं मौनी राय उनकी प्रेमिका हैं। सुनने में आर है कि जल्द ही वह भी बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। मोहित रैना अक्सर अपनी और मौनी की तस्वीरें इंस्टा पर शेयर करते रहते हैं।

Created On :   23 Nov 2017 1:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story