आगरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 29 की मौत, पीएम ने जताया दुख

आगरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 29 की मौत, पीएम ने जताया दुख
हाईलाइट
  • करीब 50 यात्रियों को लेकर लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही थी बस
  • यमुना एक्सप्रेसवे पर बस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और झरना नाले में जा गिरी 
  • यूपी रोडवेज ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है

डिजिटल डेस्क, आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। करीब 50 यात्रियों से भरी बस यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही बस अचानक बेकाबू होकर एक्सप्रेसवे से झरना नाले में गिर गई। हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद है। राहत बचाव कार्य जारी है। इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। यूपी के सीएम योगी ने 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।  

हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र के पास हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अवध डिपो की डबल डेकर बस लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही थी। आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस अचानक से बेकाबू होकर डिवाइड से टकराई और एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए 50 फीट गहरे झरना नाले में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 50 लोग सवार थे। इनमें से 29 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई शवों को निकाल लिया गया है। कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। 

डीएम एनजी रविकुमार ने बताया, सोमवार सुबह साढ़े 4 बजे के करीब यह हादसा हुआ। शायद ड्राइवर को झपकी आ गई थी। तेज रफ्तार बस बैरियर तोड़ते हुए नाले में गिर गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताया है और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।

हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने डेप्युटी सीएम दिनेश शर्मा और परिवहन मंत्री को आगरा बस हादसे वाली जगह पर जाने का आदेश दिया। सीएम योगी ने परिवहन आयुक्त, मंडल आयुक्त और आगरा के पुलिस महानिरीक्षक वाली एक समिति को 24 घंटे के भीतर घटना की जांच करने का आदेश दिए हैं।

हादसे को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीएम से बात कर घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने को कहा है। फिलहाल राहत बचाव कार्य जारी है। मौके पर डीएम और एसएसपी के साथ तमाम आला अफसर मौजूद हैं। नाले में पानी भरे होने की वजह से राहत बचाव कार्य में समस्या आ रही है। घटना के बाद यूपी रोडवेज ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। 

Created On :   8 July 2019 2:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story