मध्यप्रदेश: 50 हजार करोड़ राज्यों का पूरे साल का बजट भी नहीं होता, जितना एक कार्यक्रम में लगा दिया- पीएम मोदी

50 हजार करोड़ राज्यों का पूरे साल का बजट भी नहीं होता, जितना एक कार्यक्रम में लगा दिया- पीएम मोदी
  • सागर जिले के दौरे पर पीएम मोदी
  • पीएम मोदी ने कांग्रेस पर खूब साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए 50 हजार करोड़ रुपए खर्च करने वाली है। इतना तो राज्यों का पूरे साल का बजट भी नहीं होता है, जितना आज एक ही कार्यक्रम के लिए भारत सरकार लगा रही है। ये दिखाता है कि मध्यप्रदेश के लिए हमारे संकल्प कितने बड़े हैं। ये सारे प्रोजेक्ट्स आने वाले समय में मध्यप्रदेश में हजारों युवाओं को रोजगार देंगे। हमें विदेशों से कम से कम चीजें मंगानी पड़ें। आज भारत पेट्रोल- डीजल तो बाहर से मंगाता ही है, हमें पेट्रो केमिकल प्रोडक्ट्स के लिए भी दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है। बीना रिफाइनरी में पेट्रो केमिकल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास हुआ है। यह भारत पेट्रो केमिकल्स उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा। प्लास्टिक पाइप, बाल्टी, कुर्सी-टेबल, पेंट, पैकिंग मटीरियल, मेडिकल उपकरण व कृषि उपकरण बनाने में पेट्रो केमिकल की बहुत बड़ी भूमिका होती है। हमने अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया के टॉप-3 देशों में आने का लक्ष्य रखा है और मध्यप्रदेश की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कांग्रेस सरकार में खस्ताहाल था मप्र

पीएम मोदी ने कहा कि पुरानी पीढ़ी को याद होगा कि कांग्रेस ने इसी बुंदेलखंड को सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाओं से तरसा रखा था। प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराधियों का बोलबाला था। उद्योग के लिए व्यापारी यहां आने की हिम्मत नहीं कर पाते थे। प्रदेश की पहचान देश के सबसे खस्ताहाल राज्यों में थी। लेकिन हमने प्रदेश को भय से मुक्ति दिलाई। पूरी ईमानदारी से मध्यप्रदेश का भाग्य बदलने का भरसक प्रयास किया। कनेक्टिविटी सुधरी है तो उद्योग-धंधों के लिए पॉजिटिव माहौल बना है। बड़े निवेशक मध्यप्रदेश आना चाहते हैं। नई फैक्ट्री लगाना चाहते हैं। मध्यप्रदेश नई ऊंचाई छूने जा रहा है।

विदेशी मेहमानों ने कहा- ऐसा आयोजन पहली बार देखा

जी-20 के सफल आयोजन पर पीएम मोदी ने कहा कि जी-20 की सफलता का श्रेय 140 करोड़ भारतीयों को जाता है। आप मुझे बताइए, जी-20 की सफलता से आपको गर्व हुआ या नहीं? देश को गर्व हुआ कि नहीं हुआ? आपका माथा ऊंचा हुआ कि नहीं? आपका सीना चौढ़ा हुआ कि नहीं हुआ? जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दुनिया भर से विदेशी मेहमान भारत आए। वे भी कह रहे थे कि ऐसा आयोजन इसके पहले उन्होंने कभी नहीं देखा। देश के अलग-अलग शहरों में भारत ने विदेशी मेहमानों का स्वागत किया, भारत दर्शन कराए, ये विविधताएं देखकर, भारत की विरासत और समृद्धि को देखकर वे बहुत ही प्रभावित थे। उन्होंने कहा कि इस साल 5 अक्टूबर को रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती है। डबल इंजन की सरकार इसे बहुत धूमधाम से मनाने जा रही है।

गरीब के इस बेटे ने गरीब के घर के राशन की चिंता की

भाजपा की सरकार एक संवेदनशील सरकार है। कोविड में देशवासियों का मुफ्त टीकाकरण कराया। 80 करोड़ से अधिक देशवासियों को मुफ्त राशन दिया। हमारी कोशिश यही थी कि परिवार में मां को अपना पेट बांधकर सोना न पड़े। वो मां इस बात से न तड़पे कि मेरा बच्चा भूखा है। इसलिए गरीब के इस बेटे ने गरीब के घर के राशन की चिंता की।

पीएम के कदम से भारत में पेट्रोल-डीजल दूसरे देशों से सस्ता- पुरी

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 2014 से पहले भारत में 45% परिवार को गैस सिलेंडर नहीं मिलता था। लाइन लगाना पड़ती थी। आज देशभर में 32 करोड़ गैस सिलेंडर के कनेक्शन हैं। विकसित देशों में कच्चे पेट्रोल-डीजल का दाम 30 से 50% बढ़ा। पड़ोसी देशों में 70% तक दाम बढ़े। पीएम मोदी ने यहां ऐसे कदम उठाए कि पेट्रोल का दाम 5%, डीजल का दाम 0.2% कम हुआ।

Created On :   14 Sep 2023 10:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story