राज्यसभा चुनाव: डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालिवाल को राज्यसभा भेजेगी आप, संजय और एनडी गुप्ता भी नॉमिनेट

डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालिवाल को राज्यसभा भेजेगी आप, संजय और एनडी गुप्ता भी नॉमिनेट
  • राज्यसभा चुनाव के लिए आप का बड़ा फैसला
  • डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल उम्मीदवार घोषित
  • संजय सिंह ,एन डी गुप्ता दूसरे कार्यकाल के लिए पुन: नामित

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। दिल्ली की आम आदमी पार्टी ने 19 जनवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बड़ा फैसला किया है। आम आदमी पार्टी ने आज शुक्रवार को दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। स्वाति को सुशील कुमार गुप्ता की जगह पर नॉमीनेट किया है।

वहीं आप ने संजय सिंह तथा एन डी गुप्ता को दूसरे कार्यकाल के लिए पुन: नामित किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन नेताओं को आप उच्च सदन में भेजना चाहती है। संजय सिंह और एनडी गुप्ता को आप दोबारा राज्यसभा भेजने की इच्छुक है। आप पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने इन नामों के नामांकन की घोषणा की। सूत्र ने बताया कि सुशील कुमार गुप्ता का राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल इस महीने खत्म हो जाएगा। उन्होंने हरियाणा की चुनावी राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय रहने की अपनी अच्छा जताई है, जहां आप इस साल के अंत में चुनाव लड़ना चाहती है।

आपको बता दें कथित तौर पर दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से संबंधित धन शोधन के एक मामले में गिरफ्तार संजय सिंह को एक अदालत ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर पुन: नामांकन के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी है। विशेष न्यायाधीश एम के नागपाल ने सिंह की अर्जी पर यह आदेश पारित किया। संजय सिंह ने कहा था कि राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका मौजूदा कार्यकाल 27 जनवरी को खत्म हो रहा है और निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव कराने तथा इसके लिए 9 जनवरी तक नामांकन दाखिल करने का एक नोटिस 2 जनवरी को जारी किया। अर्जी में तिहाड़ जेल के अधीक्षक को सिंह को दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति देने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था।

आप ने डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को पहली बार राज्यसभा चुनाव के लिए नामित किया है। आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी ने संजय सिंह और एनडी गुप्ता को ऊपरी सदन के सदस्य के तौर पर उनके दूसरे कार्यकाल के लिए पुन: नामित करने का फैसला किया है।

Created On :   5 Jan 2024 9:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story