UP News: आरएलडी में शामिल होने पर केसी त्यागी की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, कहा- 'हम यहां एमपी या एमएलए बनने नहीं...'

आरएलडी में शामिल होने पर केसी त्यागी की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, कहा- हम यहां एमपी या एमएलए बनने नहीं...
आरएलडी में शामिल होने के बाद केसी त्यागी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जो सवाल चौधरी चरण सिंह छोड़कर गए थे, उनको हम मजबूती देना चाहते हैं।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। जनता दल यूनाइटेड से जुड़े रहे वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने रविवार को अपने बेटे अम्बरीष त्यागी के साथ राष्ट्रीय लोक दल का दामन थाम लिया। पार्टी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दोनों को सदस्यता दिलाकर स्वागत किया है। इसके बाद ही केसी त्यागी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि दोनों की दलों की सोच में ज्यादा फर्क नहीं है। उन्होंने बताया है कि दोनों ही दल चौधरी चरण सिंह, राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर जैसे नेताओं के विचारों से ही प्रेरित हैं।

केसी त्यागी ने क्या कहा?

राष्ट्रीय लोक दल में शामिल होने के बाद केसी त्यागी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'RLD और JD(U) में कोई फर्क नहीं है। दोनों ही चौधरी चरण सिंह, राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर जैसे नेताओं से प्रेरणा लेते हैं। हम चौधरी चरण सिंह के छोड़े हुए मुद्दों को मजबूत करना चाहते हैं ताकि किसान खुशहाल हों और भारत मजबूत बने। हमारा मकसद लोक दल को मजबूत बनाना है ताकि उत्तर प्रदेश में फिर से NDA की सरकार बने। मैं पहले भी एमएलए और MP रह चुका हूं।

चुनाव नहीं, मजबूत संगठन पर जोर

आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने साफ कहा कि उनका मकसद चुनाव लड़ना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पहले विधायक और सांसद रह चुके हैं, इसलिए अब उनकी प्राथमिकता पार्टी को मजबूत करना है। त्यागी ने कहा कि वह चाहते हैं कि जयंत चौधरी उसी तरह बड़े नेता बनें, जैसे चौधरी चरण सिंह बने थे।

जयंत चौधरी ने किया स्वागत

इस मौके पर जयंत चौधरी ने कहा कि केसी त्यागी जैसे अनुभवी नेता के आने से पार्टी को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह खुद को चौधरी चरण सिंह जैसा नहीं मानते, लेकिन उन्हें अपना आदर्श जरूर मानते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में कई नए चेहरे जुड़े हैं, जिससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।

Created On :   22 March 2026 6:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story