UP Politics News: 'इस बार बीजेपी जीती तो अगली बार चुनाव नहीं...', उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने किया बड़ा दावा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। चुनाव से पहले अब सभी राजनीतिक दल जनता के बीच अपने वादे और योजनाएं रखने में जुट गए हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर बड़ा ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा है और अयोध्या राम मंदिर चोरी पर भी बयान दिया है।
यह भी पढ़े -पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव के हॉस्टल से मिले 20 लाख रु, पुलिस खंगाल रही राम मंदिर कनेक्शन!
क्या बोले अखिलेश यादव?
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मंच पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अयोध्या को देश-दुनिया की सबसे खास धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। उनका कहना है कि ऐसा माहौल बनाया जाएगा, जहां आने वाले श्रद्धालुओं को सच्ची आस्था और आध्यात्मिक शांति का अनुभव हो सके। उन्होंने आगे ये भी कहा है कि प्रभु श्रीराम की कृपा से अयोध्या को फिर से श्रद्धा, विश्वास और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। साथ ही शहर के लोगों के पुराने सम्मान और अधिकारों को भी दोबारा मजबूत करने का काम किया जाएगा। उनका दावा है कि विकास के साथ-साथ अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़े -अयोध्या मंदिर केस में ट्रस्ट ने पिछले कुछ दिनों में सामने आई घटनाओं पर जताई हैरानी, कहा इनसे हम आहत और बेहद दुखी
बीजेपी को लेकर क्या बोले अखिलेश यादव?
अखिलेश यादव ने अयोध्या में हुए पूरे माहौल और आने वाले चुनाव को लेकर भी बयान दिया है। उनका कहना है कि 'जो लोग इस माहौल को समझ रहे हैं वे जानते हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हटाना कितना जरूरी है। उत्तर प्रदेश में अगर भाजपा चुनाव जीत गई तो आप आखिरी बार वोट डाल रहे होंगे, भविष्य में चुनाव नहीं होगा।'
Created On :   27 Jun 2026 5:59 PM IST












